छत्तीसगढ़: जन्मदिन के दो दिन बाद सड़क हादसे में माँ-बेटी समेत परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार को एक स्कूटर के खड़े ट्रैक्टर से टकरा जाने से दो बहनों और दो मासूम बच्चिय
छत्तीसगढ़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार को एक स्कूटर के खड़े ट्रैक्टर से टकरा जाने से दो बहनों और दो मासूम बच्चियों समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हृदय-विदारक घटना में एक आठ साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज रायपुर के एम्स में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार भिलाई-3 के सोमनी से रायपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था, जब उनकी स्कूटर सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से जा टकराई। ट्रैक्टर में ऑक्सीजन सिलेंडर लदे हुए थे। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि दो महिलाओं और दो बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा कुम्हारी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुआ।
जन्मदिन के दो दिन बाद मातम
मृतकों की पहचान अमृता निर्मलकर (28), उनकी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) और अमृता की दो बेटियों — याचना (7) और डाली (4) के रूप में हुई है। अमृता के पति लोकेश निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि परिवार ने महज़ दो दिन पहले ही, 14 जुलाई को, बेटी याचना का जन्मदिन मनाया था। उन्होंने इस घटना को भयावह बताया।
एक बच्चा अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में अमृता का आठ वर्षीय बेटा भावेश निर्मलकर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे रायपुर के एम्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला शवगृह भेज दिया है और ट्रैक्टर को ज़ब्त कर लिया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी इस बात की भी जाँच कर रहे हैं कि ट्रैक्टर को सही तरीके से खड़ा किया गया था या नहीं।
इनपुट: IANS



