खतरनाक विस्फोटक ऑनलाइन बेचने पर ExportersIndia.com पर 20 लाख का जुर्माना, NCDRC ने भी दी मंजूरी
अपनी वेबसाइट पर अमोनियम नाइट्रेट और PETN जैसे खतरनाक व प्रतिबंधित विस्फोटकों की ऑनलाइन लिस्टिंग और बिक्री को बढ़ावा देना एक कंपनी को भारी पड़ गया है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने इस…
अपनी वेबसाइट पर अमोनियम नाइट्रेट और PETN जैसे खतरनाक व प्रतिबंधित विस्फोटकों की ऑनलाइन लिस्टिंग और बिक्री को बढ़ावा देना एक कंपनी को भारी पड़ गया है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने इस मामले में वेबलिंक डॉट इन प्राइवेट लिमिटेड पर कुल 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कंपनी ExportersIndia.com नाम का ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म चलाती है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कंपनी ने CCPA के इस फैसले के खिलाफ राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (NCDRC) में दो अलग-अलग अपीलें दायर की थीं। लेकिन आयोग ने दोनों अपीलों को खारिज करते हुए CCPA के आदेश और जुर्माने को पूरी तरह सही ठहराया है। उपभोक्ता मामले मंत्रालय ने बताया कि NCDRC ने 12 नवंबर को दिए अपने फैसलों में 10-10 लाख रुपये के दोनों जुर्मानों को बरकरार रखा।
क्या था पूरा मामला?
CCPA ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की एक व्यापक समीक्षा शुरू की थी। इसका मकसद यह जांचना था कि कहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत आने वाले खतरनाक रसायनों, विस्फोटक पदार्थों और उनके घटकों का विज्ञापन या बिक्री तो नहीं हो रही है। इस जांच में अमोनियम नाइट्रेट, गन पाउडर, पिक्रिक एसिड और पेंटाएरिथ्रिटोल टेट्रानाइट्रेट (PETN) जैसे पदार्थ शामिल थे।
जांच में यह पाया गया कि ExportersIndia.com पर इन प्रतिबंधित पदार्थों को सामान्य व्यावसायिक उत्पादों की तरह दिखाया जा रहा था। वेबसाइट पर "गेट बेस्ट कोट्स" जैसे विकल्प भी मौजूद थे। इसके अलावा, संभावित खरीदारों को इन उत्पादों की खरीद, भंडारण और उपयोग से जुड़े कानूनी प्रतिबंधों के बारे में कोई पर्याप्त जानकारी भी नहीं दी जा रही थी। प्राधिकरण ने पाया कि प्लेटफॉर्म पर विक्रेताओं के लाइसेंस या खरीदारों की पहचान के सत्यापन जैसी कोई जरूरी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।
CCPA ने क्यों लगाया जुर्माना?
जांच के नतीजों के आधार पर CCPA ने कंपनी की इन गतिविधियों को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत 'भ्रामक विज्ञापन' और 'अनुचित व्यापार व्यवहार' माना। इसके बाद प्राधिकरण ने 8 और 10 सितंबर को कंपनी के खिलाफ दो अलग-अलग आदेश जारी किए। एक आदेश अमोनियम नाइट्रेट और PETN से जुड़ा था, जबकि दूसरा पिक्रिक एसिड की लिस्टिंग से संबंधित था। इन्हीं आदेशों में 10-10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जिसे अब NCDRC ने भी सही ठहराया है।
जुर्माने के अलावा, CCPA ने कंपनी को सख्त निर्देश दिया है कि वह भविष्य में विस्फोटक अधिनियम, 1884 या विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 के तहत वर्गीकृत किसी भी पदार्थ की लिस्टिंग, विज्ञापन या बिक्री को स्थायी रूप से बंद कर दे।
इनपुट: IANS



