रविवार, 9 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

ब्रिटिश कोलंबिया: जंगल की भीषण आग के चलते आपातकाल की घोषणा, हज़ारों लोग बेघर

कनाडा के पश्चिमी प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया में जंगल की आग बेकाबू होती जा रही है, जिसके चलते प्रांतीय सरकार ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, तेज़ हवाओं के कारण आग…

ब्रिटिश कोलंबिया: जंगल की भीषण आग के चलते आपातकाल की घोषणा, हज़ारों लोग बेघर
(फोटो: IANS)

कनाडा के पश्चिमी प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया में जंगल की आग बेकाबू होती जा रही है, जिसके चलते प्रांतीय सरकार ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, तेज़ हवाओं के कारण आग तेज़ी से नए इलाकों में फैल रही है, जिससे कई समुदायों पर गंभीर ख़तरा मंडरा रहा है और हज़ारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।

विज्ञापन

वैंकूवर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीसी के प्रीमियर डेविड एबी ने स्थिति को 'बेहद गंभीर' बताया। उन्होंने कहा, "आग की स्थिति हर मिनट बदल रही है। रात में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया। ऐसे में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अधिकारों की जरूरत थी, इसलिए आपातकाल लगाना जरूरी हो गया।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और राहत कार्यों में तेज़ी लाना है।

सरकार को मिले विशेष अधिकार

प्रांतीय आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय के मुताबिक, इस घोषणा के बाद सरकार को संकट से निपटने के लिए कई विशेष अधिकार मिल गए हैं। इनमें आवश्यकता पड़ने पर आवासों को अपने नियंत्रण में लेना और स्थानीय स्तर पर यात्रा पर रोक लगाना भी शामिल है। आग से घिरे लोगों को बचाने के लिए हवाई निकासी अभियान भी चलाया जा रहा है। समरलैंड के पास लगी आग को सबसे खतरनाक बताया जा रहा है, जहाँ कई घर और संपत्तियाँ जलकर नष्ट हो गई हैं।

ओंटारियो में भी आग का कहर

ब्रिटिश कोलंबिया के अलावा, कनाडा के उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में भी 100 से ज़्यादा जगहों पर जंगल की आग लगी हुई है। इसके धुएं का असर राजधानी ओटावा और देश के सबसे बड़े शहर टोरंटो तक पहुँच गया है, जिससे वहाँ हवा की गुणवत्ता 'बहुत अधिक जोखिम' वाले स्तर पर पहुँच गई है। टोरंटो का एयर क्वालिटी इंडेक्स दुनिया के बड़े शहरों में सबसे खराब दर्ज किया गया।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर कहा है कि संघीय सरकार ब्रिटिश कोलंबिया को आग बुझाने और राहत कार्यों में हरसंभव मदद देने के लिए तैयार है। इस बीच, ओंटारियो में आग के बीच फंसी एक ट्रेन का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसकी पुष्टि करते हुए कनाडियन नेशनल ने बताया कि ट्रेन के कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और प्रभावित इलाके में ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →