दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे और वसंत कुंज को जोड़ेगी ₹7000 करोड़ की टनल, कैबिनेट ने दी मंज़ूरी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या को कम करने और कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या को कम करने और कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने एक अहम सुरंग परियोजना को मंज़ूरी दे दी है, जो द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी परियोजना पर लगभग 6,969.67 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इस प्रोजेक्ट का मुख्य आकर्षण एक 6-लेन की ट्विन-ट्यूब सुरंग होगी, जिसे NH-148AE पर बनाया जाएगा। हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) पर विकसित की जाने वाली यह परियोजना पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर देगी। इससे गुरुग्राम, द्वारका, IGI एयरपोर्ट और पश्चिमी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
परियोजना की तकनीकी जानकारी और डिज़ाइन
यह प्रस्तावित सुरंग दिल्ली के दक्षिणी रिज वन क्षेत्र के नीचे से गुज़रेगी, जिससे ज़मीन के ऊपर पर्यावरण को कम से कम नुकसान होगा। कैबिनेट द्वारा जारी बयान के अनुसार, लगभग 1.98 किलोमीटर लंबा हिस्सा रिज के नीचे होगा। यह ट्विन-ट्यूब सुरंग शिवमूर्ति इंटरचेंज से शुरू होगी और नेल्सन मंडेला मार्ग व महिपालपुर-छतरपुर रोड के चौराहे से ठीक पहले समाप्त हो जाएगी।
परियोजना की कुल लंबाई 8.1 किलोमीटर है, जिसमें कई हिस्से शामिल हैं। इसमें 3.14 किलोमीटर की मुख्य सुरंग, 0.98 किलोमीटर का सुरंग अप्रोच रैंप, 0.554 किलोमीटर का अप्रोच, 2.556 किलोमीटर का एलिवेटेड सेक्शन और 0.870 किलोमीटर की एट-ग्रेड सड़क होगी। मुख्य कैरिजवे की लंबाई 6.3 किलोमीटर है।
भीड़ कम करने के अन्य उपाय
सुरंग के अलावा, ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए कई और निर्माण कार्यों का भी प्रस्ताव है। महिपालपुर-छतरपुर रोड चौराहे पर भीड़ घटाने के लिए नेल्सन मंडेला मार्ग पर 1.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। साथ ही, मौजूदा फ्लाईओवर के समानांतर छतरपुर से महिपालपुर की ओर एक नया फ्लाईओवर और छतरपुर की तरफ दाहिने मुड़ने वाले ट्रैफिक के लिए एक एलिवेटेड यू-टर्न भी प्रस्तावित है। NHAI की योजना एम्स और महिपालपुर के बीच एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की भी है, जो इस लिंक टनल को बारापुला एलिवेटेड रोड से जोड़कर पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगा।
इनपुट: IANS



