जापान: टोक्यो के नारिता एयरपोर्ट पर मलेशियाई विमान के इंजन से धुआं, 160 यात्री सुरक्षित
जापान की राजधानी टोक्यो के पास स्थित नारिता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मलेशिया एयरलाइंस के एक यात्री विमान के इंजन से काला धुआं उठता देखा गया। समाचार एजेंसी…
जापान की राजधानी टोक्यो के पास स्थित नारिता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मलेशिया एयरलाइंस के एक यात्री विमान के इंजन से काला धुआं उठता देखा गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद विमान ने अपनी उड़ान रद्द कर दी और एहतियातन एक रनवे को बंद करना पड़ा। विमान में 160 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, और गनीमत रही कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10:40 बजे हुई। विमान उड़ान भरने के लिए रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी उसके एक इंजन में कोई खराबी आ गई। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके द्वारा जारी फुटेज में विमान रनवे पर खड़ा दिखा, जिसके चारों ओर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात थीं। हवाईअड्डे के कर्मचारी स्थिति को संभालने में जुटे हुए थे।
जांच के लिए रनवे बंद
नारिता एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस घटना के कारण रनवे 'ए' को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया ताकि इसकी पूरी तरह से जांच की जा सके। पुलिस और संबंधित अधिकारी इंजन से धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि समस्या की वजह क्या थी।
जापान में एक और हादसा
इसी बीच, गुरुवार सुबह ही जापान के तोचिगी प्रांत में एक अलग और दुखद घटना हुई। एनएचके के अनुसार, एक रेलवे स्टेशन पर पटरियों की मरम्मत कर रहे चार कर्मचारी एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। दमकल विभाग ने बताया कि चारों को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



