Paytm के शेयर पर ब्रोकरेज फर्म्स का भरोसा बढ़ा, Bernstein बोला- 'स्टार परफॉर्मर' है यह कारोबार
फिनटेक कंपनी पेटीएम (Paytm) को लेकर वैश्विक ब्रोकरेज फर्मों का नजरिया लगातार सकारात्मक बना हुआ है। बर्नस्टीन (Bernstein) ने कंपनी पर अपनी 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का लक्ष्य मूल्य…
फिनटेक कंपनी पेटीएम (Paytm) को लेकर वैश्विक ब्रोकरेज फर्मों का नजरिया लगातार सकारात्मक बना हुआ है। बर्नस्टीन (Bernstein) ने कंपनी पर अपनी 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का लक्ष्य मूल्य 1,500 रुपए रखा है। वहीं, जेफरीज और एमके जैसी अन्य फर्मों ने भी पेटीएम के शेयरों के लिए अपने टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं, जो कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, बर्नस्टीन ने पेटीएम के वित्तीय सेवा वितरण (Financial Services Distribution) कारोबार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का 'सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेगमेंट' बताया है। इस सेगमेंट की आय सालाना आधार पर 45% बढ़कर 814 करोड़ रुपए हो गई। इस शानदार वृद्धि का मुख्य कारण क्रेडिट और अन्य वित्तीय उत्पादों की सफल क्रॉस-सेलिंग को माना जा रहा है।
आय बढ़ी, खर्च पर लगाम
बर्नस्टीन ने पेटीएम की इस बात के लिए सराहना की है कि मजबूत ग्रोथ के बावजूद कंपनी ने लागत पर कड़ा नियंत्रण बनाए रखा है। जून तिमाही में कंपनी की कुल आय में सालाना 28% की वृद्धि हुई, जबकि इसके अप्रत्यक्ष खर्च सिर्फ 6% बढ़े। इस तालमेल का सीधा असर मुनाफे पर दिखा और कंपनी का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 182% बढ़ गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पेमेंट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (PIDF) से मिले प्रोत्साहन को हटाकर देखें तो EBITDA में लगभग 10 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह है कि प्लेटफॉर्म बनाने से जुड़ी लागत में सालाना 3% की कमी आई, जबकि कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नए उत्पादों के विकास में निवेश करती रही।
पेमेंट कारोबार में भी दमदार प्रदर्शन
पेटीएम का मुख्य भुगतान कारोबार भी मजबूत बना हुआ है। मर्चेंट जीएमवी (Gross Merchandise Value) सालाना 31% बढ़कर 7.1 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वहीं, उपभोक्ताओं द्वारा किए गए UPI भुगतान के मूल्य में 45% की वृद्धि दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र की औसत वृद्धि दर से दोगुनी से भी ज्यादा है। मासिक लेनदेन करने वाले उपयोगकर्ताओं (MTU) की संख्या भी 7.4 करोड़ से बढ़कर लगभग 8 करोड़ हो गई है, जो ग्राहकों के बढ़ते जुड़ाव का संकेत है।
अन्य ब्रोकरेज भी उत्साहित
सिर्फ बर्नस्टीन ही नहीं, अन्य ब्रोकरेज हाउस भी पेटीएम को लेकर आशावादी हैं। जेफरीज ने 'बाय' रेटिंग देते हुए अपना लक्ष्य मूल्य 1,450 रुपए से बढ़ाकर 1,600 रुपए कर दिया है। जेफरीज ने इस तिमाही को "मजबूत ग्रोथ मोमेंटम" वाला बताया और पेटीएम को अपनी पसंदीदा फिनटेक कंपनियों में से एक कहा। इसी तरह, एमके ने भी 'बाय' रेटिंग दोहराते हुए टारगेट प्राइस 1,500 रुपए से बढ़ाकर 1,700 रुपए कर दिया। एमके का मानना है कि कंपनी के सामने लंबी अवधि में विकास की बड़ी संभावनाएं हैं।
इनपुट: IANS



