बेंगलुरु: रिश्ते से इनकार करने पर लॉ स्टूडेंट की हत्या, पूर्व प्रेमी और उसका भाई गिरफ़्तार
बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय एक छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पूर्व प्रेमी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय एक छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पूर्व प्रेमी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की पहचान अमृता के रूप में हुई है, जो पढ़ाई के साथ-साथ एक डायग्नोस्टिक सेंटर में भी काम करती थी।
यह घटना 13 जुलाई की शाम को जीवन बीमा नगर थाना क्षेत्र के कोडिहल्ली इलाके में अमृता के घर के पास हुई। दो दिन तक अस्पताल में ज़िंदगी और मौत से जूझने के बाद 15 जुलाई की शाम को उसकी मौत हो गई।
रिश्ते में धोखे के बाद हुआ था ब्रेकअप
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृता और धनुष करीब चार साल से रिश्ते में थे। उनके परिवार एक-दूसरे को एक धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से जानते थे। अमृता ने धनुष से रिश्ता तब तोड़ लिया, जब उसे पता चला कि धनुष ने अपनी शादीशुदा और तलाकशुदा होने की बात छिपाई थी। उसका एक बच्चा भी है। हालांकि, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) विक्रम अमाथे ने बताया कि आरोपी की वैवाहिक स्थिति से जुड़ी जानकारी की पुष्टि की जा रही है।
हमला और गिरफ़्तारी
आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी धनुष लगातार अमृता का पीछा कर रहा था और उसे धमकी दे रहा था। 13 जुलाई को धनुष अपने छोटे भाई सूर्या के साथ अमृता के घर पहुंचा। वहां हुई बहस के दौरान सूर्या ने चाकू से अमृता पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हमले के बाद जब सूर्या भागने की कोशिश कर रहा था, तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने धनुष और सूर्या दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



