पश्चिम बंगाल: JeM आतंकी के संपर्क में रही महिला, हनी-ट्रैप और ब्लैकमेलिंग की बड़ी साज़िश का खुलासा
पश्चिम बंगाल में पिछले हफ़्ते गिरफ़्तार की गई संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद (JeM) सहयोगी हमीम मंडल की महिला साथी अर्पिता सरकार को लेकर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की जांच में अहम खुलासे हुए हैं। जांच अधिकारियों…
पश्चिम बंगाल में पिछले हफ़्ते गिरफ़्तार की गई संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद (JeM) सहयोगी हमीम मंडल की महिला साथी अर्पिता सरकार को लेकर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की जांच में अहम खुलासे हुए हैं। जांच अधिकारियों को शक है कि अर्पिता को हनी-ट्रैप और पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक नेटवर्क से जुड़े अहम लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए इस्तेमाल करने की बड़ी साज़िश रची जा रही थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकवादी-आपराधिक समूह 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' (SBN) अर्पिता से सीधे संपर्क में था।
शुरुआत में हमीम ने ही अर्पिता की भर्ती की थी, लेकिन बाद में SBN के संचालकों ने हमीम को दरकिनार कर दिया। वे अर्पिता से सीधे संपर्क करने लगे और उसे अलग से निर्देश भेजते थे। जांच से जुड़े सूत्रों का मानना है कि SBN संचालकों ने अर्पिता में हनी-ट्रैपिंग की क्षमता को पहचान लिया था और उसे एक महत्वपूर्ण माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते थे।
पाकिस्तानी नेटवर्क और विदेशी सिम
हनी-ट्रैप के ज़रिए गोपनीय जानकारी हासिल करने के लिए अर्पिता ने पश्चिम बंगाल के कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनाना भी शुरू कर दिया था। एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होने के नाते, वह लोगों को आकर्षित करने के लिए अपनी रील्स का इस्तेमाल करती थी। एसटीएफ ने अर्पिता के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं और विशेषज्ञ उनके और SBN संचालकों के बीच हुए गुप्त संदेशों को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
हमीर और अर्पिता से पूछताछ के बाद जांचकर्ताओं को 'राना', 'उजैर', 'आबिद जाट333' और 'हमद' जैसे कई सोशल मीडिया हैंडल्स का पता चला है। जांच में सामने आया है कि ये सभी हैंडल पाकिस्तानी संचालकों के थे, जो ब्रिटेन और मैक्सिको के सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।
कब और कहाँ हुई गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ टीम ने पिछले हफ़्ते इन दोनों को गिरफ्तार किया था। हमीम मंडल को शुक्रवार सुबह पूर्वी बर्दवान ज़िले के बर्दवान कस्बे से पकड़ा गया, जबकि अर्पिता सरकार को उसी रात पड़ोसी राज्य झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया गया। हमीम ने पूछताछ में यह बात कबूल कर ली है कि उसने ही अर्पिता को SBN संचालकों से मिलवाया था।
इनपुट: IANS



