पश्चिम बंगाल: TMC विधायक परेश राम दास पर बलात्कार का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक के खिलाफ बलात्कार के गंभीर आरोपों की जांच शुरू हो गई है। कैनिंग (पश्चिम) विधानसभा सीट से विधायक परेश राम दास पर एक…
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक के खिलाफ बलात्कार के गंभीर आरोपों की जांच शुरू हो गई है। कैनिंग (पश्चिम) विधानसभा सीट से विधायक परेश राम दास पर एक महिला ने पिछले साल दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर बारुईपुर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने कैनिंग के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि यह घटना 2023 की है और उसने उस समय भी पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने यह भी कहा है कि अब राज्य में सरकार बदलने के बाद उसे इस मामले को फिर से उठाने की हिम्मत मिली है।
क्या हैं महिला के आरोप?
शिकायत के अनुसार, विधायक दास ने 2023 के पंचायत चुनाव में टिकट देने का वादा कर महिला के पति से 4 लाख रुपये मांगे थे। महिला का दावा है कि जब वह विधायक द्वारा बनवाए गए एक वृद्धाश्रम में पैसे देने गई, तो उसके साथ शारीरिक उत्पीड़न किया गया।
पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि विधायक ने 4 लाख रुपये लेने के बाद उसे उसी के घर में बंद कर दिया और उसके साथ बलात्कार किया। उसने यह भी बताया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने कैनिंग पुलिस स्टेशन गई, तो विधायक के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई।
धमकाने और हमले का भी आरोप
महिला का यह भी आरोप है कि पुलिस के पास जाने के कारण विधायक परेश राम दास और उनके साथियों ने उसे और उसके परिवार को परेशान किया। शिकायत में कहा गया है कि उसके घर पर हमला किया गया और उसके साथियों ने घर पर बम भी फेंके।
दूसरी ओर, विधायक परेश राम दास ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह उनकी छवि खराब करने की साजिश है और उन्हें एक झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि कैनिंग थाने में महिला की शिकायत के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
इनपुट: IANS



