सोमालिया: सेना ने बैदोआ में बड़ा आतंकी हमला नाकाम किया, अल-शबाब के 30 लड़ाके ढेर
सोमालिया के मध्य शहर बैदोआ में सोमाली नेशनल आर्म्ड फोर्सेज (SNAF) ने सोमवार तड़के हुए एक बड़े आतंकी हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। इस जवाबी कार्रवाई में अल-शबाब के कम से कम 30 आतंकवादी मारे गए…
सोमालिया के मध्य शहर बैदोआ में सोमाली नेशनल आर्म्ड फोर्सेज (SNAF) ने सोमवार तड़के हुए एक बड़े आतंकी हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। इस जवाबी कार्रवाई में अल-शबाब के कम से कम 30 आतंकवादी मारे गए और कई अन्य को पकड़ लिया गया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ियों में लगे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल कर सेना की चौकियों को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में जानकारी दी कि हमला सुबह करीब 5 बजे (0200 GMT) किया गया था। हमलावरों में अल-शबाब के चरमपंथियों के साथ-साथ साउथवेस्ट स्टेट के राष्ट्रपति अब्दिअजीज हसन मोहम्मद लाफ्टागरीन के प्रति वफादार मिलिशिया भी शामिल थे। मंत्रालय ने कहा, "SNAF ने पेशेवर और निर्णायक रूप से जवाबी कार्रवाई की, हमले को नाकाम किया और बैदोआ की सुरक्षा और स्थिरता को अस्थिर करने की हमलावरों की कोशिश को विफल कर दिया।"
सैन्य कार्रवाई और बरामदगी
सुरक्षाबलों ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल, शहर को पूरी तरह सुरक्षित करने और बचे हुए लड़ाकों को ढूंढने के लिए क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद जनता को इस बारे में और जानकारी दी जाएगी। गौरतलब है कि सोमाली सैनिकों का मार्च से ही बैदोआ शहर पर नियंत्रण है, जब उन्होंने लाफ्टागरीन को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया था।
हिरान क्षेत्र में भी बड़ी सफलता
इस बीच, सोमालिया की नेशनल इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी एजेंसी (NISA) ने एक अन्य ऑपरेशन में भी बड़ी सफलता हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों की मदद से रविवार को मध्य हिरान क्षेत्र में चलाए गए एक लक्षित अभियान में अल-शबाब के आठ चरमपंथियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकवादियों में तीन वरिष्ठ कमांडर भी शामिल थे। NISA के अनुसार, यह ऑपरेशन हिरान क्षेत्र के टार्डो इलाके में हुआ था।
इनपुट: IANS



