भारत में Apple Pay की शुरुआत, अब iPhone और Apple Watch से कर सकेंगे पेमेंट
भारत के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में एक और बड़े खिलाड़ी की एंट्री हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, टेक दिग्गज एप्पल ने बुधवार को अपनी कॉन्टैक्टलेस पेमेंट सर्विस 'एप्पल पे' (Apple Pay) भारत में…
भारत के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में एक और बड़े खिलाड़ी की एंट्री हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, टेक दिग्गज एप्पल ने बुधवार को अपनी कॉन्टैक्टलेस पेमेंट सर्विस 'एप्पल पे' (Apple Pay) भारत में लॉन्च कर दी है। इस सुविधा के आने से अब देश के करोड़ों आईफोन, आईपैड और एप्पल वॉच यूजर्स सीधे अपने डिवाइस से दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भुगतान कर सकेंगे।
शुरुआती दौर में यह सर्विस एक्सिस बैंक के वीजा (Visa) और मास्टरकार्ड (Mastercard) क्रेडिट कार्डधारकों के लिए उपलब्ध कराई गई है। कंपनी ने बताया है कि जल्द ही मैक (Mac) डिवाइस पर भी इसका सपोर्ट मिलने लगेगा। इस लॉन्च के साथ एप्पल ने भारत के तेजी से बढ़ते कैशलेस बाजार में कदम रख दिया है, जहाँ वह मौजूदा पेमेंट विकल्पों को टक्कर देगा।
कैसे काम करता है Apple Pay?
एप्पल पे की सबसे बड़ी खासियत इसकी सुरक्षा और इस्तेमाल में आसानी है। जब कोई ग्राहक अपने एक्सिस बैंक कार्ड को 'एप्पल पे' में जोड़ता है, तो उसका असली कार्ड नंबर न तो डिवाइस पर और न ही एप्पल के सर्वर पर स्टोर होता है। इसके बजाय, एक यूनिक 'डिवाइस अकाउंट नंबर' बनाकर उसे एन्क्रिप्ट किया जाता है और डिवाइस की 'सिक्योर एलिमेंट' चिप में सुरक्षित रखा जाता है।
भुगतान करने के लिए यूजर्स को किसी अतिरिक्त ऐप, पिन या ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती। वे एनएफसी (NFC) तकनीक वाले किसी भी पेमेंट टर्मिनल पर सिर्फ अपने एप्पल डिवाइस को टैप करके पेमेंट कर सकते हैं। एप्पल का दावा है कि वह लेन-देन की कोई ऐसी जानकारी नहीं रखता, जिसे यूजर से जोड़ा जा सके, जिससे यूजर की प्राइवेसी बनी रहती है।
बैंक और पेमेंट नेटवर्क्स ने क्या कहा?
इस लॉन्च पर एप्पल की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने कहा, "भारत एक गतिशील और डिजिटली समझदार आबादी वाला देश है। हम आज भारत में एप्पल पे लाकर बहुत उत्साहित हैं।" उन्होंने कहा कि यह ग्राहकों को पेमेंट का एक आसान, सुरक्षित और प्राइवेट तरीका देगा।
वहीं, एक्सिस बैंक के एमडी और सीईओ अमिताभ चौधरी ने इसे ग्राहकों को अधिक विकल्प और लचीलापन देने वाला कदम बताया। मास्टरकार्ड के गौतम अग्रवाल ने इसे 'कॉन्टैक्टलेस कॉमर्स का नया दौर' कहा, जबकि वीजा के सुरेश सेठी ने इसे 'भारत की डिजिटल पेमेंट यात्रा में एक अहम पड़ाव' करार दिया।
कैसे जोड़ें अपना कार्ड?
ग्राहक एक्सिस बैंक ऐप के जरिए या सीधे आईफोन के 'वैलेट' ऐप में जाकर '+' निशान पर टैप करके और निर्देशों का पालन करके अपना कार्ड जोड़ सकते हैं। कार्ड जुड़ते ही वे इसका इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं और उन्हें अपने कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड्स और फायदे पहले की तरह मिलते रहेंगे।
इनपुट: IANS



