तमिलनाडु: हाईवे पर ट्रक से टकराई बस, यात्री की दर्दनाक मौत, दो और ट्रक पलटे
तमिलनाडु के विल्लुपुरम में त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज़ रफ़्तार बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में एक यात्री की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह…
तमिलनाडु के विल्लुपुरम में त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज़ रफ़्तार बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में एक यात्री की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह हादसा शनिवार को टिंडिवनम के पास हुआ, जिसके चलते हाईवे पर दो किलोमीटर से भी लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, पोलाची से 38 यात्रियों को लेकर चेन्नई जा रही मेट्टूर ट्रैवल्स की बस जब कन्निकापुरम बस स्टॉप के पास थी, तभी उसके आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक दाईं ओर मोड़ ले लिया। बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे ट्रक के किनारे से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि ट्रक की गार्ड रॉड्स बस के अगले हिस्से को चीरती हुई अंदर घुस गईं।
कैसे हुई यात्री की मौत?
इस हादसे में बस की पहली सीट पर बैठे तिरुपुर निवासी नंदकुमार के शरीर में लोहे की रॉड्स घुस गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर टिंडिवनम दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद बस में फँसी रॉड्स को हटाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए विल्लुपुरम मुंडियामबक्कम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
हाइवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित
इस दुर्घटना के बाद ज़िम्मेदार ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फ़रार हो गया। वहीं, पीछे आ रही दो अन्य ट्रकों ने दुर्घटनाग्रस्त बस से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाए, जिससे वे भी संतुलन खोकर हाईवे पर पलट गए। इन तीन वाहनों के कारण त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात को फिर से शुरू करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



