भगवंत मान की पत्नी पर भ्रष्टाचार के आरोप: NHRC के नोटिस के बाद हरसिमरत कौर ने साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों ने राज्य की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। इस मामले में अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान ले…
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों ने राज्य की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। इस मामले में अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर 'कार्रवाई रिपोर्ट' (Action Taken Report) सौंपने का निर्देश दिया है।
इस घटनाक्रम के बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी पर 5 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप इतने गंभीर हैं कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को इसमें दखल देना पड़ा।"
NHRC का दखल और जांच के आदेश
यह पूरा मामला 'लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी' द्वारा दायर एक शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश के सार्वजनिक बयान का हवाला दिया गया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि एक बलात्कार के मामले में 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी और इसमें मुख्यमंत्री की पत्नी शामिल थीं।
NHRC की बेंच ने 'मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993' की धारा 12 के तहत मामले का संज्ञान लिया। आयोग ने अपने नोटिस में कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया पीड़ित के मानवाधिकारों का उल्लंघन प्रतीत होते हैं। शिकायत में इस बात पर जोर दिया गया है कि इस तरह का दखल पीड़ित के सम्मान, सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और न्याय पाने के अधिकार को प्रभावित कर सकता है।
हरसिमरत कौर ने दी 5 सितंबर की तारीख
इस मामले को लेकर मुखर अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा कि वह मुख्य सचिव और डीजीपी की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "समय-सीमा 2 हफ्ते की है! इस ट्वीट को सेव कर लें। पंजाब 'आप' से मैं 5 सितंबर को फिर पूछूंगी।"
इनपुट: IANS



