रविवार, 25 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

सऊदी अरब में हमलों के बाद रियाद और दम्माम के लिए भारतीय उड़ानें 7 नवंबर तक रद्द

सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए भारत ने रियाद और दम्माम जाने वालीं उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित कर दी हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया और…

सऊदी अरब में हमलों के बाद रियाद और दम्माम के लिए भारतीय उड़ानें 7 नवंबर तक रद्द
(फोटो: IANS)

सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए भारत ने रियाद और दम्माम जाने वालीं उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित कर दी हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस दोनों ही एयरलाइनों की सेवाएं इन दो शहरों के लिए बंद रहेंगी। इसके अलावा, जेद्दा के लिए भी उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दी गई हैं।

विज्ञापन

यह फैसला सऊदी अरब के हवाई अड्डों सहित महत्वपूर्ण नागरिक बुनियादी ढाँचे पर हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखकर लिया गया है। भारत ने इन हमलों की निंदा की है, जिनमें दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अरामको के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाया गया था। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय के घायल होने की खबर है।

सऊदी में फंसे भारतीयों की वापसी के प्रयास जारी

इस बीच, भारत सरकार सऊदी अरब में फंसे उमराह यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार कोशिशें कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में एक साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान लगभग 3,000 फंसे हुए उमराह यात्री भारत लौट चुके हैं। इनके अलावा, 10,000 से अधिक सामान्य उमराह यात्री भी वापस आ गए हैं।

प्रवक्ता के अनुसार, भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास बाकी बचे यात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से फंसे हुए लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।

नागरिकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए रियाद और जेद्दा में 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए गए हैं। इसके अलावा, भारतीय दूतावास जमीनी हकीकत की जानकारी देने और जरूरी दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से एडवाइजरी भी जारी कर रहा है। भारत ने उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में जल्द ही शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →