सालबोनी जमीन घोटाला: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के PA सुमित रॉय 8 दिन की CID रिमांड पर
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (पीए) सुमित रॉय को पश्चिम बंगाल के सालबोनी में हुए करोड़ों रुपये के जमीन हड़पने के मामले में आठ दिनों की सीआईडी हिरासत में भेज दिया गया…
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (पीए) सुमित रॉय को पश्चिम बंगाल के सालबोनी में हुए करोड़ों रुपये के जमीन हड़पने के मामले में आठ दिनों की सीआईडी हिरासत में भेज दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार को पश्चिम मिदनापुर की एक जिला अदालत ने यह फैसला सुनाया। रॉय इस मामले में मुख्य आरोपी हैं।
यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट द्वारा रॉय को मिली अंतरिम सुरक्षा रद्द किए जाने के ठीक बाद हुआ है। शीर्ष अदालत ने कहा था कि मौका दिए जाने के बावजूद सुमित रॉय ने जांच प्रक्रिया में ठीक से सहयोग नहीं किया। अंतरिम सुरक्षा हटने के कुछ ही घंटों बाद, पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने गुरुवार दोपहर को कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के घर से रॉय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया
शुक्रवार सुबह, रॉय को पहले मेडिकल जांच के लिए दक्षिण कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें पश्चिम मिदनापुर ले जाकर जिला अदालत में पेश किया गया।
मामले के सरकारी वकील नाजिम हबीब ने मीडिया को बताया कि सुनवाई के बाद अदालत ने रॉय को आठ दिन की सीआईडी कस्टडी में भेज दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रॉय के खिलाफ कई आरोप हैं और उनकी ओर से कोई जमानत याचिका दायर नहीं की गई। हबीब के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वकीलों की मौजूदगी और रॉय की शारीरिक स्थिति को लेकर भी याचिकाएं दायर की गई हैं, जिन पर अदालत विचार करेगी।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में रॉय की अग्रिम जमानत याचिका कलकत्ता हाई कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनकी गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब अभिषेक बनर्जी अपनी आंखों के इलाज के लिए विदेश में हैं।
इनपुट: IANS



