करोड़ों के भूमि घोटाले का आरोप: अभिषेक बनर्जी के विदेश जाते ही सुप्रीम कोर्ट की राहत हटी, PA सुमित रॉय गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के एक बेहद करीबी सहयोगी को पश्चिम बंगाल CID ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरोपी…
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के एक बेहद करीबी सहयोगी को पश्चिम बंगाल CID ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरोपी सुमित रॉय को मिली अंतरिम राहत वापस लेने के कुछ ही घंटों बाद हुई। रॉय पर पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबोनी में करोड़ों रुपये के भूमि घोटाले में शामिल होने का आरोप है।
यह गिरफ्तारी गुरुवार को उस समय हुई जब अभिषेक बनर्जी अपनी आंखों के इलाज के लिए देश से बाहर हैं। गिरफ्तारी के लिए CID की एक टीम सीधे दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित बनर्जी के आवास पर पहुंची, जहां सुमित रॉय मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद निजी सुरक्षाकर्मियों ने अधिकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर के लिए मामूली विवाद की स्थिति भी बनी।
जांच में असहयोग पर सुप्रीम कोर्ट ने हटाई रोक
सुमित रॉय को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है। कलकत्ता हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जहां से उन्हें गिरफ्तारी जैसी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत मिली हुई थी।
हालांकि, शीर्ष अदालत ने पाया कि रॉय को मौका दिए जाने के बावजूद उन्होंने जांच में पर्याप्त सहयोग नहीं किया। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वेंकट सुब्बा राव मोहना की पीठ ने इसी आधार पर उनकी अंतरिम राहत को वापस ले लिया, जिसके बाद जांच एजेंसी के लिए गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया।
हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
IANS के मुताबिक, कालीघाट आवास से हिरासत में लेने के बाद सुमित रॉय को पूछताछ के लिए CID मुख्यालय भवानी भवन ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें गुरुवार देर शाम या शुक्रवार को पश्चिम मिदनापुर की अदालत में पेश किया जा सकता है। CID अदालत से रॉय की पुलिस हिरासत की मांग करेगी ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।
इनपुट: IANS



