बलूचिस्तान में उग्रवाद: BLA का दावा - आठ दिनों में 38 हमले कर 32 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अगस्त के पहले आठ दिनों में पाकिस्तानी सेना पर सिलसिलेवार हमलों की ज़िम्मेदारी ली है। संगठन का दावा है कि उसने कुल 38 हमले किए, जिनमें 32…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अगस्त के पहले आठ दिनों में पाकिस्तानी सेना पर सिलसिलेवार हमलों की ज़िम्मेदारी ली है। संगठन का दावा है कि उसने कुल 38 हमले किए, जिनमें 32 से ज़्यादा सैन्यकर्मी और उनके सहयोगी मारे गए। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इन हमलों का ब्योरा दिया।
बयान के मुताबिक, ये हमले 1 से 8 अगस्त के बीच किए गए थे। इस दौरान BLA के लड़ाकों ने पाकिस्तानी सैन्य काफिलों, कैंपों, पैदल गश्ती दलों, पुलिस चेक पोस्ट और साजो-सामान ले जा रहे वाहनों को निशाना बनाया। संगठन ने कई सैन्य वाहन, एक क्वाडकॉप्टर, पुल और रेलवे ट्रैक को भी उड़ाने का दावा किया है।
हमलों का सिलसिलेवार ब्योरा
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट का हवाला देते हुए BLA ने बताया कि पहला हमला 1 अगस्त को कलात ज़िले के दश्त इलाके में हुआ, जहाँ पाकिस्तानी सेना की बख्तरबंद गाड़ियों पर रॉकेट और भारी हथियारों से हमला किया गया। उसी रात मस्तुंग के कुंड उमरानी में एक पैदल गश्ती दल पर हुए हमले में दो जवानों के मारे जाने और कई के घायल होने का दावा किया गया।
संगठन के अनुसार, हमलों का यह सिलसिला जारी रहा:
- 2 अगस्त: वाशुक ज़िले के सेची इलाके में पाकिस्तानी सेना पर हमला, जिसमें दो जवान मारे गए।
- अगले दिन: क्वेटा-कराची हाईवे पर बेला के पास एक पुलिस चौकी पर कब्ज़ा किया गया। चगाई ज़िले में जोजकी ट्रेड रूट पर एक पुल को नष्ट कर पाकिस्तानी सेना और व्यावसायिक वाहनों पर हमला किया गया, जो करीब 40 मिनट तक चला।
- 5 अगस्त: दलबंदिन और क्वेटा-ताफ्तान रूट पर सैन्यकर्मियों और एक काफिले को निशाना बनाया गया। बाद में नोशकी के पास दो सैन्य वाहनों पर हमला हुआ, जिसमें दो जवान मारे गए और चार घायल हो गए।
- 6 अगस्त: दलबंदिन और खारान में सैन्य काफिले और पैदल गश्ती दल पर हमले हुए, जिसमें एक जवान की मौत हुई।
- 7 अगस्त: BLA की ड्रोन यूनिट 'कहार' ने नोशकी में एक सैन्य शिविर पर हमला कर उसे नुकसान पहुँचाया।
- 8 अगस्त: मंड के रेडिग इलाके में रिमोट-कंट्रोल IED का इस्तेमाल कर फ्रंटियर वर्क्स ऑर्गनाइजेशन (FWO) के एक वाहन को निशाना बनाया गया, जिसमें कई लोगों के मारे जाने का दावा है।
इन कार्रवाइयों के दौरान BLA ने सैन्य उपकरण ज़ब्त करने और पाकिस्तानी सेना के एक इंटेलिजेंस ऑपरेटिव को भी मारने का दावा किया है।
इनपुट: IANS



