उदयपुर: जर्जर स्कूल भवन की अनदेखी पड़ी भारी, क्लासरूम में छत का प्लास्टर गिरने से 5 बच्चे घायल
उदयपुर जिले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब क्लासरूम की छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों पर गिर गया। इस घटना में पांच छात्र घायल हो गए, जिनमें से तीन के सिर में चोटें…
उदयपुर जिले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब क्लासरूम की छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों पर गिर गया। इस घटना में पांच छात्र घायल हो गए, जिनमें से तीन के सिर में चोटें आईं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन की खस्ता हालत के बारे में शिक्षा विभाग को कई बार जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यह घटना भिंडर थाना क्षेत्र के नारदा गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में सुबह करीब 11 बजे हुई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कमरे में 32 बच्चे मौजूद थे। प्लास्टर गिरने की तेज आवाज से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। हेडमास्टर लालसिंह शक्तावत ने बताया कि पहली कक्षा के कृष्णा कुमारी और कार्तिक व पांचवीं कक्षा के गणेश लाल के सिर में चोटें आईं। तीनों घायल बच्चों को भिंडर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दो अन्य छात्रों को मामूली चोटें आईं।
जर्जर भवन की दी गई थी सूचना
हेडमास्टर शक्तावत के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा विभाग को पहले ही इमारत की जर्जर स्थिति के बारे में सूचित कर दिया था। यह स्कूल भवन 2001 में बनाया गया था और समय के साथ इसकी हालत खराब हो गई थी। स्कूल में कुल 37 छात्र नामांकित हैं और इसमें दो कमरे और एक बरामदा है, जो सभी खराब हालत में हैं। ग्रामीणों ने भी इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग से शिकायत की थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
अब खुले में लगेंगी कक्षाएं
इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्लास्टर की जगह पूरी छत गिर जाती तो यह एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी। हादसे के बाद, अधिकारियों के निर्देश पर स्कूल की इमारत को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। भिंडर के सीबीईओ राजेंद्र कुमार चौबीसा ने स्कूल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अब बच्चों की कक्षाएं पास के एक धार्मिक स्थल 'माताजी का चबूतरा' पर लगेंगी।
इनपुट: IANS



