दिल्ली: 13 साल की बेटी से यौन उत्पीड़न का आरोप, फरार पिता की तलाश में जुटी पुलिस
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक पिता पर अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीड़िता की माँ की शिकायत के आधार पर पुलिस ने…
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक पिता पर अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीड़िता की माँ की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई जानकारी में किशोरी ने बताया कि घटना 7 जुलाई की है। उस दिन उसकी माँ और 10 वर्षीय भाई घर पर नहीं थे, तभी उसके पिता शाकिर अली जहांगीरपुरी स्थित उनके आवास पर आए। आरोप है कि इस दौरान पिता ने बेटी के साथ जबरदस्ती की और किसी को बताने पर उसे और उसकी माँ को जान से मारने की धमकी भी दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
यह मामला महिंद्रा पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। शिकायत मिलने के बाद जब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी, तो पता चला कि वह फरार हो चुका है। पुलिस टीमें उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, किशोरी अपनी माँ और भाई के साथ जहांगीरपुरी में रहती है, जबकि आरोपी पिता शाकिर अली अपनी माँ (लड़की की दादी) के साथ बादली गाँव में रहता है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अधिक जानकारी का इंतजार है।
इनपुट: IANS



