जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल: बिगड़ती सेहत के बाद सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ वह भूख हड़ताल पर बैठे थे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई…
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ वह भूख हड़ताल पर बैठे थे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह के बाद की।
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि माननीय हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, श्री वांगचुक को उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए एक उपयुक्त सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय देखरेख के लिए ले जाया गया है।
पुलिस ने 'एक्स' पर दी जानकारी
डीसीपी नई दिल्ली के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जब डॉक्टर हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत नियमित जांच के लिए पहुंचे तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने रुकावट पैदा करने की कोशिश की, जिससे थोड़ा हंगामा भी हुआ।
पुलिस ने आगे बताया कि लंबे अनशन के कारण श्री वांगचुक की हालत नाजुक थी। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि वह काफी कमजोर हो गए थे और उनमें डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के लक्षण भी थे। इसी चिकित्सीय सलाह पर उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया।
प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने की अपील
अस्पताल में श्री वांगचुक को विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं।
एक अन्य पोस्ट में पुलिस ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते समय प्रदर्शनकारियों की तरफ से हुए हंगामे के बावजूद पुलिस ने संयम बरतते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही, पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक जगह खाली करने का अनुरोध भी किया है।
इनपुट: IANS



