हरियाणा: मंत्री के नाम पर फर्जी सिम से अफसरों को कर रहे थे फोन, राजस्थान से दो साइबर ठग गिरफ्तार
हरियाणा में खुद को कैबिनेट मंत्री बताकर अधिकारियों और नेताओं पर धौंस जमाने की कोशिश करने वाले दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये दोनों आरोपी हरियाणा के मंत्री…
हरियाणा में खुद को कैबिनेट मंत्री बताकर अधिकारियों और नेताओं पर धौंस जमाने की कोशिश करने वाले दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये दोनों आरोपी हरियाणा के मंत्री रणबीर गंगवा के नाम से जारी करवाए गए फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। हिसार पुलिस की साइबर और अपराध जांच टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को राजस्थान के अलवर जिले के नाडका गांव से पकड़ा।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पानीपत और करनाल के भाजपा जिला अध्यक्षों को एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मंत्री रणबीर गंगवा बताया, लेकिन उसकी आवाज और बात करने के तरीके से दोनों अध्यक्षों को शक हो गया। चूंकि वे मंत्री को व्यक्तिगत रूप से जानते थे, उन्होंने तुरंत मंत्री के निजी नंबर पर संपर्क कर इसकी पुष्टि की। इसके बाद यह साफ हो गया कि कोई व्यक्ति मंत्री के नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा है।
इस तरह दिया ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी के लिए पूरी तैयारी की थी। उन्होंने मंत्री रणबीर गंगवा के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके नाम पर एक सिम कार्ड हासिल किया। इतना ही नहीं, जब इस नंबर से किसी को फोन किया जाता था, तो कॉलर आइडेंटिफिकेशन ऐप पर मंत्री का ही नाम दिखाई देता था। आरोपियों ने अपने वॉयल मेल की प्रोफाइल तस्वीर में भी मंत्री के साथ एक कार्यक्रम की फोटो लगा रखी थी, ताकि किसी को शक न हो।
इसी फर्जी नंबर से उन्होंने अंबाला में जन स्वास्थ्य विभाग के एक अधीक्षण अभियंता को भी फोन किया और कहा, "मैं अपना आदमी भेज रहा हूं, उसका काम कर देना।"
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
मंत्री के निजी सहायक अरुण कुमार की शिकायत के बाद हिसार के साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया। हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह फर्जी सिम कार्ड किसकी मदद से जारी किया गया और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।
इनपुट: IANS



