हरसिमरत कौर बादल का CM भगवंत मान की पत्नी पर गंभीर आरोप, 5 करोड़ लेकर रेप के आरोपी को बचाने का दावा
पंजाब की राजनीति में एक बड़े विवाद ने जन्म ले लिया है, जिसमें शिरोमणि अकाली दल (SAD) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने…
पंजाब की राजनीति में एक बड़े विवाद ने जन्म ले लिया है, जिसमें शिरोमणि अकाली दल (SAD) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने 5 करोड़ रुपये लेकर बलात्कार के एक आरोपी को बचाने में मदद की, जो अब देश छोड़कर भी जा चुका है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरसिमरत कौर बादल ने पत्रकारों से बातचीत में इस मुद्दे को उठाते हुए पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "इससे ज्यादा गंभीर बात और क्या हो सकती है कि पंजाब की पीड़ित बेटियां, जो शोषण और रेप जैसे घिनौने अपराधों का शिकार होती हैं, वे देखती हैं कि जिन लोगों को फांसी होनी चाहिए, उन्हें राज्य सरकार, खासकर मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी पैसे के बदले बचा रही है?"
सीरियल रेपिस्ट होने का आरोप
हरसिमरत ने आरोपी को 'सीरियल बलात्कारी' बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में FIR दर्ज है और वह जेल में भी बंद था। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित ने अदालत के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया था। उन्होंने कहा, "कानून यह कहता है कि 164 के बयान के बाद किसी हालत में ट्रायल के बिना उस आरोपी को बेल नहीं मिल सकती।"
गिरफ्तारी और रिहाई पर सवाल
अकाली दल की सांसद ने आरोपी की रिहाई और उसके विदेश भाग जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "पंजाब की जनता को हैरानी होनी चाहिए कि जो मई में गिरफ्तार हुआ, जुलाई में उसके केस रफा करके जेल से बाहर आकर, वह विदेश भी पहुंच गया है। कोई पहुंच सकता है?" उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि यह सब इसलिए हुआ क्योंकि "मुख्यमंत्री की पत्नी ने 5 करोड़ जो लिए हैं।"
हरसिमरत कौर ने इस मामले को पूरे राज्य और देश के लिए चिंता का विषय बताते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री का परिवार ही ऐसे मामलों में शामिल होगा तो पंजाब की बेटियां और रेप पीड़ितों के परिवार न्याय के लिए कहां जाएंगे।
इनपुट: IANS



