आशीष बनर्जी की मौत: ऋतब्रत बनर्जी ने सीएम को पत्र लिख जांच की मांग की, 'संस्थागत हत्या' का संदेह जताया
पश्चिम बंगाल में आशीष बनर्जी की मौत को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विधानसभा में नेता विपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने इस मामले की गहन जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को एक पत्र लिखा है…
पश्चिम बंगाल में आशीष बनर्जी की मौत को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विधानसभा में नेता विपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने इस मामले की गहन जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को एक पत्र लिखा है। समाचार एजेंसी IANS से सोमवार को हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि यह आत्महत्या है, तो इसे 'संस्थागत हत्या' माना जाना चाहिए।
ऋतब्रत बनर्जी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात भी की है। उन्होंने कहा, "हम लोग आशीष बनर्जी की मौत की जांच की मांग कर रहे हैं... हमें देखना होगा कि आखिर यह सब क्यों हुआ। हमें यह भी जानना होगा कि उन्हें किसी भी प्रकार की धमकी मिली थी या नहीं।"
जांच के दायरे में टेंडर प्रक्रिया और पत्र
नेता विपक्ष ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे बंगाल में डेवलपमेंट अथॉरिटी के टेंडर कोलकाता से ही तैयार किए जाते हैं, जो सिर्फ टीआरडीए (तेहट्टा रूरल डेवलपमेंट अथॉरिटी) तक सीमित नहीं है। उन्होंने इस पूरे तंत्र की भी जांच की मांग की है। बनर्जी के अनुसार, इन्हीं सब बिंदुओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया है ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
मौके से एक पत्र भी बरामद हुआ है, जिसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, "फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह चिट्ठी आशीष ने लिखी थी या किसी और ने।" उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
'यह संस्थागत हत्या है'
ऋतब्रत बनर्जी ने जोर देकर कहा कि आशीष बनर्जी के बेटे ने भी इसे 'संस्थागत हत्या' बताया है। उन्होंने कहा, "अगर यह सुसाइड है तो इसे एक तरह का संस्थागत हत्या ही कहेंगे... इसलिए हमने पूरे मामले को लेकर सीएम को लेटर लिखा है और मांग की है कि पूरे मामले का खुलासा होना चाहिए।"
इसके अलावा, उन्होंने सांसद कीर्ति आजाद के एक बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। बनर्जी ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल की संस्कृति नहीं है और इस तरह की संस्कृति लोकतंत्र का हिस्सा नहीं है।
इनपुट: IANS



