रविवार, 26 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
खेल

लॉर्ड्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में की सराहना

इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली ही टेस्ट मैच में शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। टीम की इस उपलब्धि की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो…

लॉर्ड्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में की सराहना
(फोटो: IANS)

इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली ही टेस्ट मैच में शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। टीम की इस उपलब्धि की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में जमकर सराहना की है। उन्होंने इस जीत को सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ 270 रनों के बड़े अंतर से मिली जीत नहीं है, बल्कि इसके कई ऐतिहासिक पहलू हैं। उन्होंने याद दिलाया, "लॉर्ड्स के इतिहास में यह महिलाओं का पहला टेस्ट मैच था। 1983 में इसी मैदान पर भारतीय टीम ने अपना पहला क्रिकेट विश्व कप जीता था। अब हमारी नारी शक्ति ने यहां पर देश का नाम रोशन किया है।"

मैच के हीरो: यास्तिका का शतक और क्रांति की गेंदबाज़ी

इस यादगार मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत तौर पर भी कई रिकॉर्ड बनाए। यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट शतक जड़ने वाली दुनिया की पहली महिला बल्लेबाज बनीं, जिन्होंने 113 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, गेंदबाज़ी में क्रांति गौड़ ने कमाल दिखाते हुए एक पारी में 5 विकेट झटके। वह ऐसा करने वाली पहली महिला गेंदबाज हैं।

मैच पर नज़र डालें तो भारत ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 170 पर सिमट गई। दूसरी पारी में भारत ने 7 विकेट पर 341 रन बनाकर पारी घोषित की और इंग्लैंड के सामने 457 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। मेजबान टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 186 रनों पर ढेर हो गई।

बैडमिंटन में भी भारत का परचम

क्रिकेट के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने बैडमिंटन में पीवी सिंधु की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने सिंधु को जापान ओपन का खिताब जीतने पर बधाई देते हुए कहा, "पीवी सिंधु जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि पर देश को गर्व है।" सिंधु ने फाइनल में अकाने यामागुची को सीधे सेटों में 21-17, 21-17 से हराकर यह खिताब अपने नाम किया, जो दो साल में उनका पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब भी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →