भिंड में बड़ा सड़क हादसा: ग्वालियर से घर लौट रहे 8 मजदूरों की मौत, 20 से ज़्यादा घायल
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ग्वालियर से काम खत्म कर…
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ग्वालियर से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी की सामने से आ रहे एक डंपर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
यह दर्दनाक घटना ग्वालियर-भिंड मार्ग पर गोहद चौराहे के पास छिमका गाँव में हुई। बताया जा रहा है कि पीड़ित मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर के रहने वाले थे और ग्वालियर से काम के बाद अपने घर वापस जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घायलों का ग्वालियर में इलाज जारी
जेएएच ट्रॉमा सेंटर के कैज़ुअल्टी इंचार्ज डॉ. देवेंद्र शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, “यह घटना आज भिंड जिले के छिमका गांव के पास हुई, जो गोहद चौराहा के नजदीक है। मजदूर एक पिकअप गाड़ी में जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक डंपर से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।”
डॉ. शर्मा के मुताबिक, हादसे में घायल हुए लोगों को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दो दर्जन से ज़्यादा गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर कर दिया गया।
5 ने मौके पर, 3 ने रास्ते में तोड़ा दम
अधिकारियों ने बताया कि 5 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक घायल मजदूर ने बताया, “हम मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आ रहे थे और अपने घर जा रहे थे। एक ट्रक ने हमारी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।” पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
इनपुट: IANS



