ग्रेटर नोएडा अग्निकांड: पुलिस कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश, कंपनी की लापरवाही सामने आने पर होगी FIR
ग्रेटर नोएडा की एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर घायल दमकलकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने इस मामले में…
ग्रेटर नोएडा की एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर घायल दमकलकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने इस मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि अगर कंपनी प्रबंधन की ओर से सुरक्षा नियमों में कोई लापरवाही पाई गई तो FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा सोमवार देर रात करीब तीन बजे ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एलजीआईएम कंपनी में हुआ। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप बनाने का काम होता है। आग बुझाने के प्रयास के दौरान कंपनी की एक दीवार और एक भारी लोहे का बीम गिर गया, जिसकी चपेट में आकर पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो दमकलकर्मियों की दुखद मृत्यु
इस हादसे में घायल हुए फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। अन्य घायल कर्मियों, जिनमें मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार शामिल हैं, का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जांच के कई पहलू
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एक इन्क्वायरी बैठा दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इमारत के सुरक्षा मानकों की जांच के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र लिखेगा। फिलहाल, प्रशासन ने कंपनी परिसर को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम आग लगने के कारणों के साथ-साथ दीवार गिरने की वजह का भी पता लगा रही है।
इनपुट: IANS



