नोएडा में घर खरीदारों से धोखाधड़ी: अर्थकॉन बिल्डर के खिलाफ CBI ने 19वीं चार्जशीट दाखिल की
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी के मामलों की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसी ने…
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी के मामलों की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसी ने अर्थकॉन यूनिवर्सल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ अपनी 19वीं चार्जशीट दायर की है।
यह ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1 स्थित 'कासा रॉयल' हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ा है। सीबीआई ने नई दिल्ली की राउज एवेन्यू जिला अदालत में विशेष जज के समक्ष यह चार्जशीट दाखिल की।
क्या हैं आरोप?
जांच के दौरान सीबीआई को ठोस सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि आरोपी बिल्डर और उसके अधिकारियों ने घर खरीदने वालों को झूठे वादों और भ्रामक बातों में फंसाया। आरोप है कि उन्होंने इस तरह गैर-कानूनी और धोखे से निवेशकों की रकम हड़पकर बड़ा आर्थिक लाभ कमाया। इसी आधार पर भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
देश भर में चल रही है बड़ी जांच
यह चार्जशीट घर खरीदारों से जुड़े फंड के गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी के उन 30 मामलों का हिस्सा है, जिनकी जांच सीबीआई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कर रही है। इससे पहले एजेंसी 18 अन्य मामलों में देश की कई जानी-मानी बिल्डर कंपनियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
इनमें रुद्रा बिल्डवेल, जेपी इंफ्राटेक, सीएचडी डेवलपर्स, नाइनक्स डेवलपर्स और साहा इंफ्राटेक समेत कई अन्य रियल एस्टेट फर्म और उनके निदेशक शामिल हैं। कुछ मामलों में बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की गई है।
इनपुट: IANS



