एर्नाकुलम में नशे में धुत ड्राइवर ने स्कूटर को मारी टक्कर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
केरल के एर्नाकुलम जिले में रविवार को एक तेज़ रफ्तार लग्ज़री कार की चपेट में आने से स्कूटर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा…
केरल के एर्नाकुलम जिले में रविवार को एक तेज़ रफ्तार लग्ज़री कार की चपेट में आने से स्कूटर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा नेदुम्बासेरी इलाके में हुआ, जब एक मिनी कूपर कार ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने कार चला रहे सुहेल सजीव को हिरासत में ले लिया है और उस पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, तीनों मृतक कोच्चि में एक एंटीक की दुकान पर काम करते थे। वे एयरपोर्ट इलाके में घूमने के बाद अपने घर थ्रिक्काकारा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
नशे में था आरोपी, पिता के रसूख का दिखाया रौब
आरोपी ड्राइवर सुहेल सजीव ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि घटना के वक्त उसने शराब पी रखी थी। उसने दावा किया कि उसने सिर्फ बीयर पी थी। यह पता लगाने के लिए कि उसने कोई अन्य नशीला पदार्थ तो नहीं लिया था, उसके खून के नमूने वैज्ञानिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने कार का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की तो सुहेल ने उनसे बहस की। उसने कहा कि दरवाज़ा खोलने से सेंसर खराब हो जाएगा और यह भी कहा कि 'चाहे कुछ भी हो जाए, उसके पिता सब संभाल लेंगे।'
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस उपाधीक्षक बैजू पॉलोस ने बताया कि कार आरोपी सुहेल के पिता के नाम पर पंजीकृत है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने शराब के अलावा किसी और नशीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया था।
इनपुट: IANS



