गाजा से आने वाली पतंगों और गुब्बारों पर इज़राइल सख्त, ड्रोन मानकर कार्रवाई करने का आदेश
इज़राइल ने गाजा पट्टी से आने वाले गुब्बारों और पतंगों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने का फैसला किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इज़राइली रक्षा बलों (IDF) को निर्देश दिया गया है कि वे इन…
इज़राइल ने गाजा पट्टी से आने वाले गुब्बारों और पतंगों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने का फैसला किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इज़राइली रक्षा बलों (IDF) को निर्देश दिया गया है कि वे इन वस्तुओं को ड्रोन मानकर ही कार्रवाई करें, भले ही उनमें विस्फोटक सामग्री हो या न हो। यह कड़ा रुख इज़राइल के नेगेव क्षेत्र में स्थित बस्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनाया गया है।
इस संबंध में इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख सहित IDF के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
रक्षा मंत्री का स्पष्ट संदेश
रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस नई नीति की घोषणा की। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू और मैंने इज़रायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) को निर्देश दिया है कि गाजा से नेगेव क्षेत्र की बस्तियों की ओर छोड़ी जाने वाली पतंगों और गुब्बारों के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।"
उन्होंने आगे कहा, "किसी भी गुब्बारे या पतंग को ड्रोन की तरह ही माना जाएगा, चाहे उसमें विस्फोटक हो या न हो।" काट्ज़ ने अपने पूर्ववर्ती का उल्लेख करते हुए कहा, "मैं योआव गैलेंट नहीं हूं। मैं छह अक्टूबर जैसी नीति को दोबारा लागू नहीं होने दूंगा, न आसमान से आने वाले खतरों को और न ही सीमा बाड़ के आसपास होने वाली गतिविधियों को।"
सुरक्षा रणनीति में बदलाव
काट्ज़ ने बताया कि युद्ध के दौरान बार-बार की जाने वाली छापेमारी की पुरानी रणनीति को बदल दिया गया है, क्योंकि इससे हमास को उन्हीं इलाकों में वापस लौटने का मौका मिलता था। इसके स्थान पर, सेना के साथ मिलकर एक स्पष्ट और मजबूत सुरक्षा क्षेत्र बनाया गया है। यह क्षेत्र नागरिक आबादी और आतंकवादी ढांचे से मुक्त है और पूरी तरह इज़राइली सेना के नियंत्रण में है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हमास को कड़ी चेतावनी
बैठक के बाद जारी एक संयुक्त बयान में इज़राइल ने हमास को चेतावनी दी है। बयान में कहा गया है कि अगर गाजा से ड्रोन, गुब्बारे और पतंगों के हमले तुरंत नहीं रोके गए, तो IDF इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर अपने लक्षित हमले और तेज कर देगी। बयान के मुताबिक, जिन क्षेत्रों का इस्तेमाल इन गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, वहां की आबादी को भी खाली कराया जाएगा ताकि आतंकवादी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इनपुट: IANS



