रियल मैड्रिड से Fulham तक: कौन हैं अल्वारो अर्बेलोआ, जो इंग्लिश प्रीमियर लीग में मार्को सिल्वा की जगह लेंगे?
स्पेन के दिग्गज क्लब रियल मैड्रिड में शानदार कोचिंग करियर के बाद, अल्वारो अर्बेलोआ अब इंग्लिश फुटबॉल की दुनिया में एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियर लीग
स्पेन के दिग्गज क्लब रियल मैड्रिड में शानदार कोचिंग करियर के बाद, अल्वारो अर्बेलोआ अब इंग्लिश फुटबॉल की दुनिया में एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियर लीग क्लब फुलहम एफसी (Fulham FC) ने 43 वर्षीय अर्बेलोआ को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है।
लंदन स्थित इस क्लब के साथ उनका अनुबंध तीन साल का है, जो उन्हें 2029 की गर्मियों तक क्रेवन कॉटेज से जोड़े रखेगा। वह मार्को सिल्वा का स्थान लेंगे, जिन्होंने क्लब छोड़कर बेनफिका के साथ जुड़ने का फैसला किया है। फुलहम जैसे ऐतिहासिक क्लब से जुड़ने पर अर्बेलोआ ने इसे एक सम्मान की बात बताया और कहा कि वह टीम के साथ प्री-सीजन शुरू करने तथा प्रशंसकों के सामने क्रेवन कॉटेज के माहौल का अनुभव करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
रियल मैड्रिड में कोचिंग की शुरुआत
एक खिलाड़ी के तौर पर रियल मैड्रिड के साथ लंबा समय बिताने के बाद अर्बेलोआ ने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत भी इसी क्लब की युवा टीमों के साथ की थी। क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज़ ने उन्हें सबसे पहले अंडर-14 टीम की कमान सौंपी, जिसे उन्होंने पहले ही सीज़न में लीग खिताब जिताया।
इसके बाद उन्हें अंडर-16 और फिर जल्द ही अंडर-19 टीम की ज़िम्मेदारी मिली। यहाँ भी उनकी सफलता का सिलसिला जारी रहा और उन्होंने टीम को पहले ही प्रयास में ट्रेबल (ला लीगा, कोपा डेल रे और चैंपियंस कप) का खिताब दिलाया।
सीनियर टीम तक का सफ़र
युवा टीमों में लगातार सफलता के बाद, 2024-25 सीज़न में अर्बेलोआ को रियल मैड्रिड की 'बी' टीम, यानी कैस्टिला का कोच बनाया गया, जहाँ उन्होंने क्लब के दिग्गज राउल की जगह ली। इसके बाद, जाबी अलोंसो के जाने पर उन्हें मुख्य टीम की ज़िम्मेदारी संभालने का बड़ा अवसर मिला।
उनके नेतृत्व में टीम ने ला लीगा में दूसरा स्थान हासिल किया, लेकिन उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि पेप गार्डियोला की मजबूत मैनचेस्टर सिटी को चैंपियंस लीग में 5-1 से करारी शिकस्त देना माना जाता है। पिछले सीजन के अंत में रियल मैड्रिड से अलग होने के बाद अब वह फुलहम के साथ अपना नया अध्याय शुरू करेंगे।
इनपुट: IANS



