नोएडा: बंद फ्लैटों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, 5 लाख रुपए फ्रीज, लाखों के गहने बरामद
नोएडा पुलिस ने बंद पड़े घरों और फ्लैटों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के…
नोएडा पुलिस ने बंद पड़े घरों और फ्लैटों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने, नकदी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पुलिस ने एक आरोपी के बैंक खाते में जमा 5 लाख रुपये की रकम को भी फ्रीज करा दिया है।
यह कार्रवाई नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी वीरेन्द्र उर्फ सोनू, आजादपुर निवासी सन्नी उर्फ सोनू और गोंडा निवासी जितेन्द्र मौर्य उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी पर हत्या, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 13 अक्टूबर को हुई जब सेक्टर-50 स्थित 'द क्रिसेंट अपार्टमेंट' के एक निवासी ने अपने फ्लैट समेत सोसाइटी के एक अन्य फ्लैट में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान, टीमों ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास सक्रिय लगभग 4000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। कड़ी मशक्कत और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस 19 नवंबर को मेघदूतम पार्क के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल रही।
वारदात का तरीका
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर की सोसायटियों में बंद फ्लैटों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे। 11 और 12 अक्टूबर की रात ये लोग वैगनआर कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर नोएडा आए थे। बारिश का फायदा उठाकर तीन आरोपी दीवार फांदकर सोसाइटी में घुसे, जबकि एक साथी कार में ही इंतजार करता रहा। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने मास्क और टोपी पहन रखी थी। चोरी के दौरान वे बगल के फ्लैटों की कुंडी बाहर से लगा देते थे, ताकि कोई बाहर न निकल सके। वारदात के बाद वे अलग-अलग जगहों पर छिप जाते थे और कुछ दिनों बाद चोरी का माल आपस में बांट लेते थे।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, 1 लाख रुपये नकद, 100 ग्राम का सोने का बिस्कुट, सोने का हार, ईयर रिंग्स, ब्रेसलेट और लगभग 2 किलो चांदी की सिल्ली बरामद की है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, पेचकस और प्लास जैसे उपकरण भी मिले हैं। गिरफ्तार जितेंद्र मौर्य का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ गोंडा और दिल्ली के कई थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। अन्य दो आरोपियों पर भी दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और सेंधमारी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इनपुट: IANS



