शनिवार, 7 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
देश

फरीदाबाद: गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद, पड़ोसी ने गोली मारकर कर दी हत्या

फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने…

फरीदाबाद: गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद, पड़ोसी ने गोली मारकर कर दी हत्या
(फोटो: IANS)

फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान परमजीत के रूप में हुई है, जो उसी मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे।

विज्ञापन

यह पूरी घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है। मृतक परमजीत के बेटे शौर्य द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने घर की घंटी बजाकर उनके पिता को गाड़ी हटाने के लिए नीचे बुलाया। जब परमजीत और शौर्य नीचे पार्किंग में पहुँचे, तो मोहन उनके साथ झगड़ा करने लगा।

विवाद बढ़ा और चली गोलियाँ

देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी मोहन शर्मा ने अपनी पिस्टल निकालकर परमजीत पर कई गोलियाँ चला दीं। शौर्य ने बताया कि आरोपी ने उन पर भी गोलियाँ चलाईं, लेकिन उन्होंने गाड़ियों के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। गोलियाँ लगने से परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाने में हत्या, हत्या के प्रयास और षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। सूरजकुंड के एसएचओ पहलाद सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

अपराध शाखा सेक्टर-30 के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने शनिवार को आरोपी मोहन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोहन उसी इमारत के दूसरे तल पर रहता था। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि उसका मृतक परमजीत के साथ छोटी-छोटी बातों पर अक्सर विवाद होता रहता था। 6 नवंबर को भी गाड़ी हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद उसने गुस्से में परमजीत पर गोलियाँ चला दीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अब अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि गहन पूछताछ की जा सके और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →