यूक्रेन को यूरोपीय संघ से मिलेगी 45 अरब यूरो की अतिरिक्त मदद, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जताया आभार
यूक्रेन के साथ अपनी एकजुटता को जारी रखते हुए यूरोपीय आयोग ने 2027 के लिए 45 अरब यूरो की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रस्ताव रखा है। इस कदम का उद्देश्य रूस के हमलों का सामना कर रहे यूक्रेन की रक्षा…
यूक्रेन के साथ अपनी एकजुटता को जारी रखते हुए यूरोपीय आयोग ने 2027 के लिए 45 अरब यूरो की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रस्ताव रखा है। इस कदम का उद्देश्य रूस के हमलों का सामना कर रहे यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं और कूटनीतिक स्थिति को मजबूत करना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह सहायता यूक्रेन की उस साल की अनुमानित जरूरतों का लगभग दो-तिहाई हिस्सा पूरा करेगी।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यूरोप, रूस के हमलों के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा में लगातार मदद करता रहेगा। वॉन डेर लेयेन ने बताया कि 2026 के लिए यूक्रेन की वित्तीय जरूरतें पहले ही पूरी तरह से कवर की जा चुकी हैं और यह नया प्रस्ताव भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लाया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह समर्थन "बातचीत और समझौते की मेज पर यूक्रेन को मजबूत स्थिति" देगा।
जेलेंस्की ने यूरोप का धन्यवाद किया
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए यूरोपीय आयोग और अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि जिस योजना पर पहले चर्चा हुई थी, वह अब हकीकत का रूप ले रही है, जिससे यूक्रेन की मजबूती और उसके कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा लाभ मिलेगा।
जेलेंस्की के अनुसार, यह 45 अरब यूरो की सहायता 'यूक्रेन सपोर्ट लोन' के तहत पहले से किए गए यूरोपीय संघ के वादों के अतिरिक्त है। उन्होंने कहा कि इससे 2027 के लिए यूक्रेन के बजट और रक्षा जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा पूरा हो सकेगा। जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि यूरोपीय संसद और परिषद इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देंगे और सदस्य देशों का भी पूरा समर्थन मिलेगा।
अन्य सहयोगियों से भी समन्वय की पहल
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूरोपीय आयोग की उस पहल की भी प्रशंसा की जिसके तहत यूक्रेन के अन्य सहयोगियों की मदद को बेहतर तरीके से समन्वित किया जाएगा। उन्होंने ब्रिटेन, कनाडा, जापान और नॉर्वे जैसे देशों का जिक्र करते हुए कहा कि वे पहले से ही यूक्रेन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनका मानना है कि अगर यूरोपीय संघ के साथ मिलकर इन देशों को अतिरिक्त सहायता देने के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाते हैं तो इससे और अधिक लाभ होगा।
इनपुट: IANS



