दिल्ली: मामूली झगड़े में बीच-बचाव करना ई-रिक्शा चालक को पड़ा भारी, चाकू मारकर हत्या, 5 गिरफ्तार
दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक मामूली सड़क हादसे के बाद हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए एक ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस सनसनीखेज…
दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक मामूली सड़क हादसे के बाद हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए एक ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 12 सितंबर की रात रोहिणी सेक्टर-28 में एक नवनिर्मित आयुर्वेद अस्पताल के पास घटी। पुलिस के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच मामूली टक्कर के बाद कहासुनी हो गई। इसी दौरान अभिषेक नाम का ई-रिक्शा चालक वहां बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन विवाद बढ़ गया।
मामूली कहासुनी कैसे बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान आरोपी हिमांशु की अभिषेक से हाथापाई हो गई। अभिषेक ने हिमांशु को थप्पड़ मारा और उसका गला पकड़ लिया। इसी बीच, अनुज नाम के एक अन्य आरोपी ने अभिषेक को पीछे से पकड़ लिया और सचिन उर्फ संतोष ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
वारदात के बाद, शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार दबिश के बाद पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज (19), हिमांशु (21), सचिन उर्फ संतोष (22), नंदिनी तिवारी (19) और कुंती उर्फ वंशिका (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने हिमांशु की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और उसकी मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही, सचिन की स्कूटी और वारदात के वक्त पहने गए खून से सने कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



