TISS में प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मौका, 3 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने अपने विभिन्न परिसरों में शिक्षण के कई पदों पर भर्तियां निकाली हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, संस्थान ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और…
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने अपने विभिन्न परिसरों में शिक्षण के कई पदों पर भर्तियां निकाली हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, संस्थान ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल नौ पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 नवंबर निर्धारित की गई है।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार TISS की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अंतिम तारीख से पहले अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। ये रिक्तियां संस्थान के तुलजापुर, हैदराबाद और गुवाहाटी कैंपस के लिए हैं।
किन पदों पर हो रही है भर्ती?
TISS द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, कुल 9 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रोफेसर (सोशल वर्क, तुलजापुर - 1 ओबीसी; स्टैटिस्टिक्स, हैदराबाद - 1 एससी), एसोसिएट प्रोफेसर (सोशल वर्क, तुलजापुर - 1 एसटी; डेवलपमेंट स्टडीज/सोशल साइंस, तुलजापुर - 1 एसटी; स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज, गुवाहाटी - 1 ओबीसी) के पद शामिल हैं।
इसके अलावा, असिस्टेंट प्रोफेसर (सोशल साइंसेज, तुलजापुर - 1 सामान्य; सोशियोलॉजी, तुलजापुर - 1 ओबीसी; सेंटर फॉर अंडर ग्रेजुएट स्टडीज, गुवाहाटी - 1 सामान्य; स्कूल ऑफ सोशल वर्क, गुवाहाटी - 1 सामान्य) के पदों पर भी भर्ती होगी।
योग्यता और चयन प्रक्रिया
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव अलग-अलग हैं।
- प्रोफेसर: पीएचडी के साथ 10 साल का शिक्षण/शोध अनुभव और 10 शोध प्रकाशन।
- एसोसिएट प्रोफेसर: पीएचडी, मास्टर्स में 55% अंक, 8 साल का अनुभव, 7 प्रकाशन और 75 का रिसर्च स्कोर।
- असिस्टेंट प्रोफेसर: UGC रेगुलेशन 2018 के अनुसार, मास्टर्स डिग्री में 55% अंक और NET/पीएचडी।
चयन प्रक्रिया: प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और फिर इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन होगा। चयनित उम्मीदवारों को प्रोफेसर के लिए एकेडमिक पे-लेवल 14, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 13ए और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 10 के अनुसार वेतन मिलेगा।
कैसे करें आवेदन और कितना है शुल्क?
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय अपनी श्रेणी के अनुसार शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य वर्ग के लिए यह 2,000 रुपये, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपये, एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपये और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के लिए 500 रुपये है।
इनपुट: IANS



