शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
देश

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर वीरेंद्र बसोया UAE से भारत प्रत्यर्पित, गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले भगोड़े सरगना वीरेंद्र सिंह बसोया को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में भारतीय एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमि…

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर वीरेंद्र बसोया UAE से भारत प्रत्यर्पित, गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी
(फोटो: IANS)

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले भगोड़े सरगना वीरेंद्र सिंह बसोया को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में भारतीय एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी एजेंसियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ड्रग तस्कर चाहे कहीं भी छिप जाएं, वे भारतीय कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गृह मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि केंद्र सरकार विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों का लगातार पता लगाकर उनके पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त रवैया अपना रही है। उन्होंने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति में एक नया मील का पत्थर बताया।

कई बड़े ड्रग मामलों में था वांछित

वीरेंद्र बसोया का नाम कई बड़े ड्रग रैकेट से जुड़ा है। अक्टूबर 2025 में दिल्ली पुलिस द्वारा 5600 करोड़ रुपये के ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किए जाने के बाद बसोया के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। जांच में पता चला था कि बसोया विदेश में बैठकर ही यह कारोबार चला रहा था। उस मामले में दिल्ली के महिपालपुर से 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना की खेप पकड़ी गई थी, जो बसोया ने ही भिजवाई थी। बसोया के एक करीबी तुषार गोयल को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, पुणे पुलिस द्वारा 2023 में जब्त की गई 3000 करोड़ रुपये की ड्रग्स के मामले में भी बसोया का नाम सामने आया था।

बेटे के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस

वीरेंद्र बसोया का बेटा ऋषभ बसोया भी ड्रग्स तस्करी के मामले में आरोपी है। 2024 में दिल्ली में पकड़े गए 13 हजार करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में ऋषभ के खिलाफ नवंबर 2025 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। पुलिस का दावा है कि यह ड्रग्स भी वीरेंद्र बसोया ने ही विदेश से भेजी थी। इस मामले में जब पंजाब के अजनाला से एक आरोपी को उसकी एसयूवी गाड़ी के साथ पकड़ा गया, तो जांच में गाड़ी ऋषभ बसोया की निकली। इस खुलासे के बाद ऋषभ भी विदेश भाग गया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →