रविवार, 9 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

भारत-बांग्लादेश संबंध: लोकप्रिय नेताओं के संवाद से सुलझेंगे मुद्दे, बोले भारतीय उच्चायुक्त

भारत और बांग्लादेश अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसके केंद्र में तीस्ता जल बंटवारे और गंगा जल संधि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इसी संदर्भ में, बांग्लादेश में…

भारत-बांग्लादेश संबंध: लोकप्रिय नेताओं के संवाद से सुलझेंगे मुद्दे, बोले भारतीय उच्चायुक्त
(फोटो: IANS)

भारत और बांग्लादेश अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसके केंद्र में तीस्ता जल बंटवारे और गंगा जल संधि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इसी संदर्भ में, बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने विश्वास जताया है कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री आपसी बातचीत के जरिए विभिन्न लंबित मसलों का आसानी से समाधान निकाल लेंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने इस भरोसे का आधार दोनों नेताओं की अपने-अपने देश की जनता के बीच लोकप्रियता को बताया।

विज्ञापन

ढाका में पत्रकारों से बातचीत के दौरान त्रिवेदी ने कहा, "मैंने पीएम तारिख रहमान को कई बार भाषण देते सुना है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी की तरह ही वो भी जनता के पीएम है। जब दो नेता मिलते हैं तो बहुत सारी समस्याओं का समाधान हो जाता है। इसको लेकर नकारात्मकता नहीं, सकारात्मकता का होना जरूरी है।"

नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत आने का निमंत्रण मिला है। भारत ने 'बिम्सटेक' के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में उन्हें 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। 'द ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, उच्चायुक्त त्रिवेदी की यह टिप्पणी इंडियन वीजा एप्लिकेशन सेंटर (आईवीएसी) में बच्चों के खेल क्षेत्र के उद्घाटन समारोह के दौरान आई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही स्पष्ट किया था कि फरवरी 2026 में पदभार संभालने के तुरंत बाद रहमान को भारत आने का एक औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था। ब्रिक्स का निमंत्रण उससे अलग है और यह क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुखों को बुलाने की परंपरा का हिस्सा है।

क्या है बिम्सटेक?

बिम्सटेक (बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) बंगाल की खाड़ी से सटे सात देशों का एक क्षेत्रीय समूह है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दक्षिण एशिया को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके सदस्यों में बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमार और थाईलैंड शामिल हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →