पटना-दीघा में जमकर आगजनी, कई पुलिसकर्मी घायल

426

राजधानी के दीघा-राजीव नगर इलाके के कृष्णा नगर में अवैध निर्माण हटाने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है। दीघा-आशियाना रोड इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें मौजूद हैं। एसएसपी और जिलाधिकारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है।

इस इलाके में कोर्ट के आदेश पर अवैध मकानों को तोड़ने आज सुबह पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया और निर्माण तोड़ने आई जेसीबी के साथ ही पुलिस जीप को आग के हवाले कर दिया, साथ ही पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया, जिसमें कई पुलिस वाले घायल हो गए। कई मीडियाकर्मियों को भी चोटें आईं।

हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव किया और पुलिस टीम को खदेड़कर भगा दिया। पथराव में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं।

डीएम ने कहा- भू-माफियाओं ने पुलिस पर किया हमला

मौके पर एसएसपी मनु महाराज और डीएम संजय अग्रवाल पहुंचे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की घटना काफी शर्मनाक है, जेसीबी और पुलिस के वाहन को आग के हवाले कर दिया गया है, पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, जिसमें कई पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। प्रशासन ने जनता का ख्याल करते हुए कार्रवाई करने की कोशिश की लेकिन इस घटना में कई लैंड माफिया भी संलिप्त थे जिन्होंने ऐसी घटना को अंजाम दिया है।

आरोपियों को चिन्हित कर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि पुलिस पर ये हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया है। भू-माफिया जो भीड़ में शामिल थे उन्होंने ही हमला किया। सुनियोजित तरीके से पुलिस के पहुंचते ही महिलाओं और बच्चों को आगे कर दिया गया और पुलिस पर हमला कर दिया गया। अभी घटनास्थल पर पुलिस बल मौजूद है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देखकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये अपराधी तत्व के द्वारा की गई घटना है।

कोर्ट ने दिया था अवैध निर्माण तोड़ने का आदेश

मिली जानकारी के मुताबिक कोर्ट के निर्देश के बाद आज सुबह कृष्णा नगर में अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए पुलिस की टीम जेसीबी के साथ पहुंची। वहां हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने जेसीबी मशीन को क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया और जमकर पथराव किया। लोगों ने महिलाओं को आगे कर दिया जिससे पुलिस भीड़ को संभाल नहीं सकी और भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा।