उत्तराखंड: धारचूला में पुल टूटा, सेना ने 7 घंटे के ऑपरेशन में 300 से ज्यादा लोगों को बचाया
उत्तराखंड के धारचूला में कुलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण 300 से ज़्यादा स्थानीय लोग और पर्यटक एक उफनती जलधारा के पार फंस गए। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स ने मोर्चा संभाला और…
उत्तराखंड के धारचूला में कुलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण 300 से ज़्यादा स्थानीय लोग और पर्यटक एक उफनती जलधारा के पार फंस गए। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स ने मोर्चा संभाला और 7 घंटे से भी ज़्यादा लंबे चले एक चुनौतीपूर्ण अभियान में सभी को सुरक्षित निकाल लिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना तवाघाट के पास हुई। पुल टूटने की खबर मिलते ही स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कुमाऊं स्काउट्स की मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) टुकड़ी को तुरंत सक्रिय कर दिया गया। सेना की बचाव टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई।
तेज बहाव के बीच चला बचाव अभियान
बचाव दल ने पाया कि बड़ी संख्या में लोग तेज बहाव वाली जलधारा के दूसरी तरफ फंसे हुए थे। जवानों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभाली और जलधारा के दोनों तरफ रस्सियां बांधीं। इसके बाद सीढ़ी की मदद से एक-एक करके लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
भारतीय सेना ने बताया कि तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद, जवानों ने साहस और टीम भावना का परिचय देते हुए 300 से अधिक लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की। यह अभियान प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों की मदद के लिए सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सेना ने इस अभियान के बाद कहा, "संकट में हम उठ खड़े होते हैं और सेवा में मजबूती से डटे रहते हैं।"
इनपुट: IANS



