धनबाद: ATM में संदिग्ध प्लेट लगाकर ठगी की कोशिश, पुलिस ने बैंकों को किया अलर्ट
झारखंड के धनबाद में एटीएम से धोखाधड़ी का एक नया तरीका सामने आया है, जहाँ साइबर अपराधी कैश निकालने वाली जगह पर एक संदिग्ध प्लेट लगाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह…
झारखंड के धनबाद में एटीएम से धोखाधड़ी का एक नया तरीका सामने आया है, जहाँ साइबर अपराधी कैश निकालने वाली जगह पर एक संदिग्ध प्लेट लगाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मामला मटकुरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक एटीएम में सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने सभी बैंकों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना तब उजागर हुई जब शनिवार सुबह अमरेश कुमार दास नाम के एक ग्राहक ने पैसे निकालने की कोशिश की। उनके खाते से एक हजार रुपए तो कट गए, लेकिन एटीएम से कैश बाहर नहीं आया। बाद में जांच के दौरान पुलिस ने मशीन के कैश डिस्पेंसर स्लॉट से एक संदिग्ध प्लेट बरामद की। आशंका है कि इसी प्लेट के जरिए ठगी को अंजाम दिया जा रहा था। इसी एटीएम पर पहले भी तीन हजार रुपए की धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आ चुका है।
पुलिस की कार्रवाई और बैंकों को निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने जिले के सभी बैंकों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा, "हम लोगों को सूचना मिली है कि एटीएम में छेड़छाड़ करके लोगों से ठगी का प्रयास किया जा रहा है।" एसएसपी ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे अपने सभी एटीएम की नियमित जांच करें, खराब सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराएं और जहां जरूरी हो, वहां सुरक्षा गार्ड तैनात करें ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पीड़ित अमरेश कुमार दास ने बताया कि धनबाद के कई एटीएम में सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई जगहों पर या तो सुरक्षा गार्ड नहीं हैं या फिर सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम नहीं करते, जिससे आम लोगों की मेहनत की कमाई पर खतरा बना रहता है।
इनपुट: IANS



