धनबाद: लिंग जांच के बाद जबरन गर्भपात, महिला की मौत के आरोप में पति और सेंटर संचालक गिरफ्तार
झारखंड के धनबाद में भ्रूण लिंग परीक्षण के बाद अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने के दौरान एक महिला की जान चली गई। परिवार का आरोप है कि गर्भ में लड़की होने का पता चलने पर पति ने जबरन गर्भपात का दबाव बनाया…
झारखंड के धनबाद में भ्रूण लिंग परीक्षण के बाद अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने के दौरान एक महिला की जान चली गई। परिवार का आरोप है कि गर्भ में लड़की होने का पता चलने पर पति ने जबरन गर्भपात का दबाव बनाया था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति और एक डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र की है। मृतका की पहचान किरण कुमारी के रूप में हुई है, जो तीन से चार महीने की गर्भवती थीं। मृतका के भाई चंद्रिका कुमार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दंपति की पहले से एक बेटी है। आरोप है कि दूसरी बार गर्भधारण करने पर पति सोनू केवट ने लिंग परीक्षण कराया और जब यह पता चला कि गर्भ में एक और बेटी है, तो उसने अवैध गर्भपात की प्रक्रिया शुरू करवा दी।
अत्यधिक रक्तस्राव से गई जान
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गर्भपात के दौरान किरण कुमारी को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर और उचित चिकित्सा सहायता नहीं मिली।
पुलिस ने सेंटर सील किया, जांच जारी
कतरास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गलत तरीके से गर्भपात और अत्यधिक रक्तस्राव ही मौत का कारण बना। पुलिस ने मृतका के पति सोनू केवट और श्यामडीह चौक स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक सचिन केवट को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, संबंधित जांच केंद्र को भी सील कर दिया गया है। मामले की गहनता से वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है।
इनपुट: IANS



