Delhi Weather News: दिल्‍ली से छूटा फरवरी के सुहावने मौसम का साथ, अभी से सताने लगी गर्मी

18
Delhi Weather News: दिल्‍ली से छूटा फरवरी के सुहावने मौसम का साथ, अभी से सताने लगी गर्मी

Delhi Weather News: दिल्‍ली से छूटा फरवरी के सुहावने मौसम का साथ, अभी से सताने लगी गर्मी

नई दिल्ली: फरवरी के महीने में बसंत का मौसम गायब है। मौसम सुहावना ना होकर एकदम से गर्म होने लगा है। कई लोग गर्म कपड़े भी पैक कर चुके हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेंगे। हल्के गर्म कपड़े भी बर्दाश्त से बाहर हो जाएंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध रह सकती है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक रह सकता है। यानी वीकेंड पर और अधिक गर्मी परेशान करेगी। 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 20 फरवरी को भी अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 14 डिग्री तक हो जाएगा। इसके बाद 21 फरवरी से बढ़ते तापमान में थोड़ी कमी आएगी। 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 13 से 14 डिग्री रह सकता है।

आखिर क्यों बढ़ रहा है तापमान

  • सर्दियां हिमालय में आने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस पर निर्भर करती हैं। इनकी वजह से पहाड़ों पर बर्फ और बारिश होती है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों का तापमान कंट्रोल में रहता है। इस बार फरवरी में वेस्टर्न डिस्टरबेंस तो आए, लेकिन ये काफी कमजोर रहे। साथ ही, यह एक के बाद एक आते रहे। अगर इनके बीच 5-6 दिन का गैप होता है, तो पहाड़ों से ठंडी हवाएं राजधानी में आती हैं। वहीं इस बार सर्दियों के सीजन में बारिश भी काफी कम रही। देश में 1 जनवरी से 16 फरवरी के बीच 19.6 एमएम बारिश हुई। इस दौरान सामान्य तौर पर 29.1 एमएम बारिश होती है। यानी 33 प्रतिशत कम बारिश हुई।
  • गुजरात के ऊपर एक एंटी साइक्लोनिंग सर्कुलेशन बना हुआ है। आमतौर पर यह पश्चिमी भारत में अप्रैल के मध्य तक बनता है। इस बार फरवरी में ही यह बन गया है। इस सर्कुलेशन की वजह से मौसम में जल्दी से बदलाव नहीं होता और गर्मी बढ़ती है।

फरवरी और मार्च में सामान्य से अधिक गर्मी
स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया कि फरवरी और मार्च में इस बार गर्मी अधिक रहेगी। तापमान लगातार सामान्य से ऊपर ही बना रहेगा। बारिश की संभावनाएं नजर नहीं आ रहीं। फरवरी में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री तक रह सकता है, तो वहीं मार्च में अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। दोनों महीने गर्मियों का रेकॉर्ड तोड़ने वाले हो सकते हैं। वेदर एक्सपर्ट नवदीप दहिया के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेंगे।

17 से 22 फरवरी के बीच राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड आदि में तापमान 31 से 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। 20 और 21 फरवरी को तापमान सबसे अधिक हो सकता है। देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 12 डिग्री तक अधिक रह सकता है। फरवरी के अंत तक गर्मी से राहत की संभावना नहीं हैं।

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News