Delhi Weather: ब्रेक हुआ खत्म, दिल्ली-NCR में लौट रही शीतलहर, माइनस 1 डिग्री तक जा सकता है पारा

25
Delhi Weather: ब्रेक हुआ खत्म, दिल्ली-NCR में लौट रही शीतलहर, माइनस 1 डिग्री तक जा सकता है पारा

Delhi Weather: ब्रेक हुआ खत्म, दिल्ली-NCR में लौट रही शीतलहर, माइनस 1 डिग्री तक जा सकता है पारा

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR को एकबार फिर शीतलहर के चलते ठिठुरन झेलनी होगी। सर्दी की छुट्टियों के बाद 16 जनवरी से स्कूल भी खुलने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 18 जनवरी तक राजधानी के कई हिस्सों में शीतलहर चलेगी। IMD और स्काईमेट के मुताबिक, यह शीतलहर इस जनवरी में चली शीतलहर जैसी ही होगी। वहीं, लाइववेदर इंडिया के संस्थापक के मुताबिक, राजधानी में इस दौरान तापमान माइनस 1 डिग्री जा सकता है, यह ऐतिहासिक ठंड होगी। यह जनवरी 10 बरसों की सबसे ज्यादा शीतलहर वाली जनवरी हो सकती है। अभी तक इस जनवरी में पांच दिन शीतलहर चली है। इससे पहले पूरी जनवरी 2021 में 7 और 2013 में 6 दिन शीतलहर चली थी।

कैसा रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 जनवरी को दिल्ली के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, स्काईमेट के महेश पलावत का कहना है कि शीतलहर के दौरान तापमान 3 डिग्री के आसपास रहेगा। हो सकता है कि कुछ जगहों पर यह एक से दो डिग्री तक पहुंच जाए। लेकिन इसके नीचे जाने की संभावना नहीं है।

आगे क्या कम होगी ठिठुरन

पहाड़ों पर मौसम साफ होने के बाद शनिवार से ही दिन के तापमान में कमी आना शुरू हो गया है। उत्तर भारत में कुछ जगहों पर शीतलहर शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से कमी आएगी। 19 जनवरी तक कड़ाके की ठंड रहेगी। महेश पलावत के मुताबिक, पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से अब तापमान तेजी से गिरेगा। 19 जनवरी से तापमान बढ़ सकता है। अनुमान है कि 23 और 24 जनवरी को राजधानी में बारिश भी हो सकती है।

न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास दर्ज होगा

स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। कुछ जगहों पर यह गिरकर 1 से 2 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगर तापमान माइनस 1 डिग्री तक पहुंचता भी है तो यह बहुत कम वक्त के लिए ही होगा। न्यूनतम तापमान ज्यादातर मौकों पर सुबह 5.30 से 8.30 बजे के बीच दर्ज होता है। इस दौरान सूरज उग रहा होता है। इसकी वजह से हवा में मौजूद नमी तेजी से जमीन पर गिरती है और यह लगभग बर्फीली होती है। इसकी वजह से जमीन की सतह एकदम से ठंडी हो जाती है। कई मौकों पर तो इन तीन घंटों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट भी आ जाती है।

पिछली शीतलहर जैसी ही होगी सर्दी

मौसम विभाग ने इस बीच साफ किया है कि 16 से 18 जनवरी के बीच शीतलहर का प्रभाव रहेगा। हालांकि ऐसा नहीं है कि इस दौरान तापमान शून्य से नीचे पहुंच जाएगा। आया नगर और रिज राजधानी के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार यहां का तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। 18 जनवरी के बाद एक बार फिर सर्दी से राहत मिल जाएगी। वहीं स्काईमेट के अनुसार 19 जनवरी से एक अन्य वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से पहाड़ों पर फिर से बर्फबारी होगी। इसकी वजह से राजधानी के तापमान फिर से तेजी से बढ़ेंगे। संभावना है कि 23 और 24 जनवरी के आसपास राजधानी में बारिश भी देखने को मिले।

क्यों गिरेगा पारा?

वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई है। कुल्लू, मनाली और शिमला में भी सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। अब पहाड़ों का मौसम साफ हो गया है। इसकी वजह से उत्तर पश्चिमी भारत में उत्तर और उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाएं फिर से बहेंगी। यह ठंडी हवाएं दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में चलेंगी। इससे फिर से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

एक दशक में सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी!

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही रहा तो यह जनवरी एक दशक की सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी बन सकती है। जनवरी 2023 में अभी तक 5 दिन शीतलहर का प्रकोप रहा है। इससे पहले 2021 में 7 और 2013 में 6 दिन शीतलहर रही है। ऐसे में यदि पूर्वानुमान के मुताबिक तीन दिन शीतलहर चलती है तो यह एक दशक की सबसे अधिक शीतलहर वाली जनवरी होगी।

शनिवार रहा इस साल का सबसे गर्म दिन

दिन के तामपान में कमी आनी शुरू हो चुकी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इस साल का यह सबसे गर्म दिन भी रहा। हवा में नमी का स्तर 51 से 97 प्रतिशत रहा। रविवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रह सकते हैं।

ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ेगा

दिल्ली में शनिवार को प्रदूषण स्तर बेहद खराब रहा। शुक्रवार की तुलना में प्रदूषण में मामूली सुधार हुआ और AQI 349 दर्ज हुआ। ITM पुणे के पूर्वानुमान के अनुसार 15 जनवरी को प्रदूषण में थोड़ा सुधार होगा लेकिन यह बेहद खराब श्रेणी में ही रहेगा। इसके बाद अगले दो दिन 16 और 17 जनवरी को प्रदूषण में इजाफा होगा। प्रदूषण के गंभीर स्तर में पहुंचने की संभावना नहीं है। इसके बाद भी अगले छह दिनों तक प्रदूषण बेहद खराब स्थिति में ही रहने की संभावना है।

शीतलहर से कैसे बचें
  • कम वजन के गर्म कपड़े पहनें
  • सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को ढककर रखें
  • एक भारी कपड़े की बजाय ज्यादा हल्के गर्म कपड़े पहनें
  • विटामिन सी वाले फल अैर सब्जियां खाएं
  • गर्म पानी पीएं
  • बाहर कम से कम निकलें
  • अगर स्किन में खुजली हो रही है तो उसकी हल्के गर्म पानी से सिकाई करें
  • यदि हीटर आदि का प्रयोग कर रहे हैं तो कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें
  • सुबह के समय बाहर निकलने से बचें

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News