दिल्ली: सीलमपुर में सिगरेट पीने पर हुए मामूली विवाद में युवक की हत्या, दो नाबालिग समेत 6 पकड़े गए
दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सिगरेट पीने को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस…
दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सिगरेट पीने को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने इस मामले को कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए दो नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुआ चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नूर इलाही निवासी सुभान के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे सेंट्रल पार्क में हुई, जब सुभान अपने दोस्त मोहसिन के साथ धूम्रपान कर रहा था। उसी दौरान 5-6 लड़के वहां आए और उनके सिगरेट पीने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों गुटों में कहासुनी और हाथापाई हो गई।
चाकू से हमला और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस हाथापाई के दौरान हमलावर लड़कों ने सुभान पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। सुभान का दोस्त मोहसिन उसे तुरंत पास के जेपीसी अस्पताल ले गया। मंगलवार रात करीब 10:48 बजे अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली। पुलिस टीम जब तक अस्पताल पहुंची, घायल सुभान बेहोशी की हालत में था। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुधवार को सीलमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीलमपुर के एसीपी सुशील कुमार की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान की। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया गया, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इनपुट: IANS



