दिल्ली-एनसीआर: दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड के बीच हवा भी हुई ज़हरीली, कई इलाकों में AQI 300 पार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिसके साथ ही हवा की गुणवत्ता भी लगातार बिगड़ती जा रही है। लोगों को एक तरफ दिन में तेज़ धूप और रात में हल्की ठंड का सामना करना पड़ रहा है…
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिसके साथ ही हवा की गुणवत्ता भी लगातार बिगड़ती जा रही है। लोगों को एक तरफ दिन में तेज़ धूप और रात में हल्की ठंड का सामना करना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर प्रदूषण का बढ़ता स्तर चिंता का सबब बन गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुँच चुका है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के पंजाबी बाग में AQI 304, पूसा स्थित आईआईटीएम में 318 और आर.के. पुरम में 300 दर्ज किया गया। इसी तरह ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 में भी AQI 315 के चिंताजनक स्तर पर पहुँच गया है, जो 'बहुत खराब' या लाल श्रेणी में आता है।
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का पूर्वानुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में तापमान में यह उतार-चढ़ाव अभी जारी रहेगा। 22 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा और हवा में नमी 60 से 90 प्रतिशत के बीच रह सकती है। विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिसके 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है। इससे रात के समय ठंड का एहसास और बढ़ेगा, जबकि दिन का तापमान 32-33 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
NCR के अन्य इलाकों में प्रदूषण की स्थिति
दिल्ली के अन्य प्रमुख इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। पटपड़गंज में AQI 278, रोहिणी में 276, ओखला फेज-2 में 272 और शादीपुर में 241 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, गाजियाबाद के वेव सिटी में यह 273 और इंदिरापुरम में 258 रहा। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को, विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलते वक्त मास्क का उपयोग करने की भी सिफारिश की गई है।
इनपुट: IANS



