सोमवार, 31 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
अपराध

हिमांशु भाऊ गैंग पर बड़ी कार्रवाई, दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से दो वॉन्टेड शूटर समेत 4 को पकड़ा

दिल्ली के कई सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल रहे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के चार सदस्यों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया…

हिमांशु भाऊ गैंग पर बड़ी कार्रवाई, दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से दो वॉन्टेड शूटर समेत 4 को पकड़ा
(फोटो: IANS)

दिल्ली के कई सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल रहे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के चार सदस्यों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें दो वांछित शूटर और उन्हें पनाह देने वाले दो सहयोगी पकड़े गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ये शूटर कई राज्यों में हत्या और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में वॉन्टेड थे।

विज्ञापन

गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान हरियाणा के जींद निवासी रमन उर्फ फौजी (19) और चरखी दादरी निवासी करण (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में इनाम घोषित था और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।

कई राज्यों में फैला था अपराध का जाल

पुलिस के अनुसार, रमन और करण एक साथ कई बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं। इनमें दिसंबर 2025 में दिल्ली के आया नगर में 70 से ज्यादा राउंड फायरिंग कर डेयरी कारोबारी रतन की हत्या, अगस्त 2025 में द्वारका मोड़ पर मोहित डागर की हत्या और दिसंबर 2025 में रोहतक में प्रतिद्वंद्वी सन्नी रिठोली पर जानलेवा हमला शामिल है। इसके अलावा, मई 2026 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जितेंद्र उर्फ जीतू पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में भी दोनों की तलाश थी।

शूटरों की मदद करने वाले भी गिरफ्तार

स्पेशल सेल ने इन शूटरों को पनाह देने और उनके लिए पैसों के लेन-देन (मनी म्यूल) का काम करने वाले दो सगे भाइयों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन निवासी शेखर तिवारी (23) और विनोद तिवारी (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, करण हरियाणा के रेवाड़ी और पलवल में हुई गोलीबारी की घटनाओं में भी वांछित था। वहीं, रमन के खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर ले लिया है, जिससे गिरोह के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों के बारे में अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →