दिल्ली: तिलक नगर में मुस्कान की हत्या पर VHP का सवाल- 'अपराधों पर अंकुश कब लगेगा?'
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने गहरी चिंता जताते हुए सवाल उठाया है कि…
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने गहरी चिंता जताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर ऐसे संगठित अपराधों पर कब अंकुश लगेगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि ऐसा लगता है जैसे 'हिंदू द्रोहियों' के मन से पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है।
यह घटना बुधवार शाम की है, जब मुस्कान अपने घर में अकेली थी। उसी समय जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान ने घर में घुसकर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई और VHP की प्रतिक्रिया
विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया में इस घटना को 'जिहादी जानवर' का शिकार बताया। उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर पकड़े जाने की खबर का जिक्र भी किया। हालांकि, उन्होंने सवाल किया कि राजधानी दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में हिंदू युवतियों को इस तरह कब तक निशाना बनाया जाता रहेगा।
VHP प्रवक्ता ने अपनी पोस्ट में लिखा, "अकेले दिल्ली में गत कुछ ही वर्षों में इस्लामिक जिहादियों की ओर से दर्जनों हिंदुओं की सरेआम नृशंस हत्याएं हो चुकीं, किंतु क्या किसी एक भी जिहादी को कभी कोई फांसी की सजा भी हो सकी।"
समाज के लिए चेतावनी
बंसल ने दिल्ली पुलिस से ऐसे तत्वों के खिलाफ और ज्यादा सख्ती से पेश आने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू समाज, विशेषकर युवतियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने लिखा, "अब यह स्थापित सत्य बनता जा रहा है कि 'जिहादी से व्यवहार, जान पर वार' कभी भी बन सकता है।"
मुस्कान अपने चार भाई-बहनों और मां के साथ रहती थी। जब हमला हुआ, तब वह घर की दूसरी मंजिल पर अकेली थी। उसकी चीखें सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इनपुट: IANS



