दिल्ली: संसद मार्च के बाद सुरक्षा सख्त, 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद, 10 FIR दर्ज
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संसद मार्च के बाद उत्पन्न हुई कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, दिल्ली…
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संसद मार्च के बाद उत्पन्न हुई कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की। बंद किए गए स्टेशनों में लुटियंस दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं, जिनमें लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, जनपथ, खान मार्केट, जोर बाग, बाराखंभा रोड और सुप्रीम कोर्ट स्टेशन भी हैं। इनके अलावा राजीव चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरियट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेंगे।
प्रदर्शन और हिंसा पर पुलिस की कार्रवाई
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के मार्च के दौरान हुई हिंसा और अन्य घटनाओं के सिलसिले में अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस के अनुसार, ये मामले प्रदर्शन के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं के संबंध में दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है। ये एफआईआर संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थानों में दर्ज की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि दर्ज मामलों में एक मामला नई दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में संसद सत्र के दौरान बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने से भी जुड़ा है। IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, एक अन्य एफआईआर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के एक जवान पर हमले के संबंध में दर्ज की गई है। एक वायरल वीडियो में कुछ लोग कथित तौर पर जवान के साथ मारपीट करते और आरएएफ के वाहन में तोड़फोड़ और पथराव करते दिखे थे, जिसके आधार पर जांच चल रही है।
यह पहली बार नहीं है जब इन स्टेशनों को बंद किया गया है। इससे पहले रविवार को भी जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था, हालांकि बाद में कुछ स्टेशनों पर सेवाएं आंशिक रूप से बहाल कर दी गई थीं।
इनपुट: IANS



