दिल्ली: रिटायर्ड फार्मासिस्ट की ज़िंदगी भर की कमाई ठगने वाला इनामी प्रॉपर्टी डीलर सोनीपत से गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी से 1.76 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगभग एक साल से फरार चल रहा था और…
दिल्ली पुलिस ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी से 1.76 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगभग एक साल से फरार चल रहा था और उस पर बुजुर्गों को प्रॉपर्टी के नाम पर ठगने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई द्वारका जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने की है।
पीड़ित तिहाड़ जेल से फार्मासिस्ट के पद से रिटायर हुए एक वरिष्ठ नागरिक हैं। उन्होंने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि साल 2024-25 के दौरान ब्रह्म स्वरूप भारद्वाज नाम के एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने उन्हें प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने नकली कागजात दिखाकर कई प्लॉटों का सौदा किया और उनकी पेंशन व रिटायरमेंट से मिली जीवन भर की जमा पूंजी, यानी करीब 1.76 करोड़ रुपये, हड़प लिए।
लंबे समय से फरार था आरोपी
इस मामले में रणहोला थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। पुलिस ने मामले में वांछित पांच आरोपियों पर 3 सितंबर 2026 को 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था, जिसके बाद AATS को इनकी धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई।
योजना बनाकर हुई गिरफ्तारी
एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख और इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सात दिनों तक तकनीकी और मानवीय निगरानी के जरिए आरोपी के ठिकानों का पता लगाया। पुख्ता जानकारी मिलने पर टीम ने 13 सितंबर 2026 को हरियाणा के सोनीपत में दबिश देकर 67 वर्षीय आरोपी ब्रह्म स्वरूप भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, भारद्वाज अपने पुरुष और महिला रिश्तेदारों व साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह चलाता था। यह गिरोह खासकर बुजुर्गों की पेंशन और रिटायरमेंट के पैसों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है और उसके बाकी साथियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



