दिल्ली: मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 4 लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल…
दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1 में हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर से कुल 6 लोग बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है।
सीएम ने जताया दुख, दिए निर्देश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्होंने लिखा, "मंगोलपुरी में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और राहत कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आग के कारणों की जांच जारी
आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह के मुताबिक, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा, "हम जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी। अभी तक बस इतना पता चला है कि आग बेसमेंट में लगी थी। जांच के बाद ही असली कारण पता चल पाएगा।" डीसीपी ने यह भी बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सेंट्रल एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विस (CATS) के अधिकारी राकेश भारद्वाज ने बताया कि उन्हें रात 9:50 बजे आग की सूचना मिली थी, जिसके बाद पांच एम्बुलेंस 5 से 7 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थीं। फिलहाल, बचाव और तलाशी अभियान जारी है।
इनपुट: IANS



